- जंगीपुर में मनायी गयी ऐतिहासिक विजयदशमी
विकास यादव
नौपेड़वा, जौनपुर। बक्शा विकास खण्ड के सुजियामऊ गांव में गुरुवार की शाम करीब ढाई सौ वर्षों से चली आ रही परम्परा के निवर्हन के तहत 16 कहारों द्वारा उठाये गए रथ से राम-रावण युद्ध को देखने के लिए सैकड़ों की भीड़ उमड़ पड़ी।
मेले के आयोजक/पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्रीपति उपाध्याय के आवास से निकले रथ के साथ चल रहे लोग जय श्रीराम के उदघोष के साथ मेला स्थल मन्दिर काली माता परिसर पहुँचे जहां दशहरा मेला में हजारों की भीड़ मौजूद रही। राम-रावण रथ के साथ घोड़ो की थाप व ढोल-नगाड़ों के बीच भीड़ जय श्रीराम के नारे लगाते हुए मेला स्थल पहुँची तो युद्ध देखने के लिए भीड़ लालायित रही। मेले में घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। युद्ध के दौरान रामचरित मानस लंकाकाण्ड का सस्वर पाठ किया गया।
इस अवसर पर ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेन्द्र नाथ त्रिपाठी, आईएमए अध्यक्ष डॉ. अरुण मिश्र, रामकृष्ण त्रिपाठी, डॉ. मनोज मिश्र, रामेश्वर त्रिपाठी, रामदयाल, रामजी त्रिपाठी, विद्यानंद उपाध्याय, कृष्णानंद उपाध्याय, कमलाकर मिश्र सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे जिन्होंने राम, लक्ष्मण एवं माता सीता का दर्शन किया। मेला आयोजक श्री उपाध्याय ने आभार जताते हुये कहा कि मेले में पूर्व परम्परा का निर्वहन किया जा रहा है।
उधर जंगीपुर गांव में रामलीला पश्चात विशाल मेले का आयोजन हुआ। राम चबूतरा पर पहुँच भक्तों ने राम, लक्ष्मण एवं माता जानकी का पूजन किया। राम-रावण युद्ध पश्चात बुराई पर अच्छाई का प्रतीक रावण का पुतला दहन किया गया। रामलीला व मेला आयोजक मार्कण्डेय सिंह मुन्ना ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर तमाम लोग उपस्थित रहे।