गांवों में स्वच्छता की कमान सम्भालेगी सीटीएफ
शाहगंज के प्रत्येक ग्राम पंचायत में चलेगा सफाई अभियान
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। गांवों को स्वच्छ और साफ-सुथरा बनाने के लिए अब सफाई व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर शाहगंज विकास खंड में क्लीन टास्क फोर्स (सीटीएफ) का गठन किया गया है। इसके तहत मानी गांव में गठित टास्क फोर्स की ओर से साफ-सफाई अभियान चलाया गया।
स्वच्छ जौनपुर-स्वस्थ जौनपुर अभियान के तहत ग्राम पंचायतों और राजस्व गांवों में तैनात सफाई कर्मचारियों को क्लीन टास्क फोर्स यूनिट के रूप में संगठित किया गया है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना है।
एडीओ पंचायत संजय यादव के निर्देशन में गठित टीमें विकास खंड की प्रत्येक ग्राम पंचायत में जाकर सफाई कार्य करेंगी। टीमों को गांवों की नालियों, खड़ंजों, संपर्क मार्गों, पंचायत भवन, प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों समेत अन्य सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अधिकारियों के भ्रमण और निरीक्षण के दौरान यदि किसी ग्राम पंचायत में गंदगी मिलती है तो संबंधित क्लीन टास्क फोर्स को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए जाएंगे। इस पहल से गांवों में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होने और सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई बनाए रखने की उम्मीद है। इस दौरान विजय गौड़, कमलाकांत मौर्य, मिर्जा फैसल, रविन्द्र कुमार आदि शामिल रहे।
.jpg)






