जौनपुर। विधिक दिवस पर राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देश पर जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला प्राधिकरण सुशील शशि की अध्यक्षता और सचिव पूर्णकालिक सिविल जज सीनियर डिवीजन सुशील सिंह की देख—रेख में जिला प्राधिकरण के तत्वावधान में कई आयोजन किये गये। इसी क्रम में विकास खंड सिकरारा के सभागार में आयोजित सेमिनार में डॉ. दिलीप सिंह डिप्टी चीफ डिफेंस काउंसिल, नायब तहसीलदार सदर शैलेश सिंह, खंड विकास अधिकारी सिकरारा, थाने के उपनिरीक्षक, एडीओ पंचायत शिवशंकर सिंह, पैनल अधिवक्ता देवेंद्र यादव, आंगनवाड़ी सहायिका, आंगनवाड़ी कार्यकत्री, विकास खंड के कर्मचारियों, अधिकारी सहित आस—पास के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुये डा. सिंह ने बताया कि विधि संविधान और न्याय की आवश्यकता केवल मानव समाज में होती है। पशु और राक्षस समाज नियम कानून नहीं मानते और देवताओं और दैवी शक्तियों को कानून की आवश्यकता ही नहीं होती। उन्होंने विधिक दिवस का महत्व बताते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यों का विधि और न्याय का संविधान में प्राप्त मूल अधिकारों और कर्तव्य का विस्तृत विवेचन करते हुए सभी को विधि के प्रति जागरूक होने का आह्वान किया।
इसी क्रम में नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, पुलिस उपनिरीक्षक एवं पैनल अधिवक्ता द्वारा लोगों को प्राप्त अधिकारों के प्रति जागरुक करते हुए उनके विधिक अधिकारों की जानकारी देकर आवश्यक टेलीफोन और मोबाइल नंबरों को हमेशा याद रखने पर बोल दिया गया। 15100, 1090, 112 जैसे नंबर हर व्यक्ति को हमेशा याद रखने पर बोल दिया गया। साथ ही अधिकारों के हनन पर शासन प्रशासन पुलिस की मदद लेने के बारे में जानकारी दी गई। यदि कहीं उचित सहायता न मिली गई तो जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जौनपुर की सहायता लेने को कहा गया।
इसी क्रम में जनपद कारागार में जेल अधिकारियों और बंदियों की उपस्थिति में विचार गोष्ठी की गयी जहां उनकी समस्याएं सुनने के बाद उचित हल निकालने हेतु गंभीरता से कार्य करने के बारे में विचार किया गया और बंदियों की समस्याओं को ध्यान से सुना गया। विधिक दिवस के महत्व और नियम कानून संविधान अधिकार और कर्तव्य और संविधान में जेल में विरुद्ध बंदियों के अधिकारों का व्यापक और विस्तृत विवेचन डॉ दिलीप सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य विधिक प्रतिरक्षा सलाहकार अनिल सिंह, प्राधिकरण के सुनील मौर्य, पैरालीगल वालंटीयर शिवशंकर सिंह, जेल विजिटर अवधेश कुमार सहित जेल के कर्मचारी, बंदी आदि उपस्थित रहे।
.jpg)






