जौनपुर बास्केटबाल लीग में आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेश की 10 टीमों ने किया प्रतिभाग
शुभांशू जायसवाल
जौनपुर। नगर के टीडी कालेज के उमानाथ सिंह स्टेडियम में आयोजित जौनपुर बास्केटबाल लीग इस वर्ष खेल प्रेमियों के लिए एक नया रोमांच लेकर आई। प्रतियोगिता के अंतर्गत बुधवार को आयोजित तीन गुणे तीन (3x3) बास्केटबाल प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के 10 विभिन्न जनपदों से आईं टीमों ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा जिसमें बोलिंग क्रू वाराणसी ने ट्रिपल थ्रेट वाराणसी को 9-7 के अंतर से शिकस्त देकर चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। टूर्नामेंट के दौरान मैदान पर खिलाड़ियों के बीच बेहतरीन खेल भावना, तालमेल और उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा देखने को मिली जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। इस आयोजन ने जौनपुर में बास्केटबाल के खेल को नई ऊंचाइयां देने के साथ युवा प्रतिभाओं को अपनी कला दिखाने का एक बेहतरीन मंच प्रदान किया।
प्रतियोगिता के अन्य मुकाबले में सुपर सीनियर वर्ग के खेले गए खिताबी मुकाबले में वंश एंटरप्राइजेज ने एसआरएस हास्पिटल को 24-19 अंकों से पराजित कर जीत दर्ज की। वहीं बालक वर्ग के फाइनल में जौनपुर ब्रेकर ने टीडी इंटर कालेज को 43-33 अंकों से करारी शिकस्त देकर शानदार जीत हासिल की। टूर्नामेंट के दौरान रेफरी की निष्पक्ष भूमिका रहमतुल्लाह, राकेश सिंह सुक्खू, अबलू दुबे और शिवांस सिंह ने निभाई।
इस अवसर पर वरिष्ठ खिलाड़ी वीरभद्र सिंह, टीडी कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. आलोक सिंह, तेज बहादुर सिंह, छात्र नेता अंशुमान सिंह मोनू समेत कई गणमान्य लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान जिला बास्केटबॉल संघ के सचिव लाल बहादुर पाल ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया जबकि आयोजन सचिव अनिकेत सिंह बाबू और अभिषेक सिंह ने टूर्नामेंट को सफल बनाने के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
.jpg)








