Jaunpur News: भगवान चित्रगुप्त की विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News: भगवान चित्रगुप्त की विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना


भाई दूज पर बहनों ने की भाइयों के लम्बी उम्र की कामना

अजय पाण्डेय

जौनपुर। कायस्थ समाज के आराध्य देव भगवान श्री चित्रगुप्त जी की बुधवार को श्रद्धा और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। मान्यता है कि भगवान श्री चित्रगुप्त समस्त प्राणियों के कर्मों का लेखा-जोखा रखते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार उनकी उत्पत्ति ब्रह्मा जी की काया से हुई थी। संसार के जीवों के कर्मों का हिसाब रखने के लिए ब्रह्मा जी ने उन्हें यह दायित्व सौंपा था।

कायस्थ समाज में इस दिन विशेष धार्मिक परंपरा निभाई जाती है। समाज के प्रत्येक परिवार में भगवान श्री चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना की जाती है। दीपावली की रात से कायस्थ समाज के लोग अपनी कलम नहीं चलाते हैं। इसके बाद भाई दूज के दिन भगवान चित्रगुप्त की विधि-विधान से पूजा करने के उपरांत कलम-दवात की पूजा की जाती है और पुनः लेखन कार्य शुरू किया जाता है। पूजा में बही खाता, कलम और दवात रखकर भगवान से ज्ञान, बुद्धि और सद्बुद्धि की कामना की जाती है।

धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान चित्रगुप्त की तीन पत्नियां थीं और उनसे 12 पुत्र उत्पन्न हुए जिन्हें कायस्थ समाज के 12 उपनामों से जोड़ा जाता है। वहीं बुधवार को भाई दूज का पर्व भी हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर आरती उतारी और उन्हें मिठाई एवं प्रसाद खिलाया। बहनों ने भाइयों की लम्बी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना किया। भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर उनकी रक्षा और सहयोग का संकल्प दोहराया।

पर्व को लेकर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक उत्साह का माहौल रहा। जगह-जगह भगवान श्री चित्रगुप्त की प्रतिमाएं स्थापित कर सामूहिक पूजा-अर्चना की गई। वहीं घरों में भी भाई दूज की परंपरागत पूजा सम्पन्न हुई। बाजारों में मिठाइयों और पूजा सामग्री की खरीदारी को लेकर चहल-पहल बनी रही।

ads

ads

ads

ads

ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!