Jaunpur News: जौनपुर में श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ गोवर्धन पूजा महोत्सव

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News: जौनपुर में श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ गोवर्धन पूजा महोत्सव


भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर हुये श्रद्धालु

भजन-कीर्तन एवं गोवर्धन महाराज के जयकारों से गूंजा वातावरण

शुभांशू जायसवाल

जौनपुर। नगर के ढालगर टोला में गोवर्धन पूजा का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति, आध्यात्मिक उल्लास एवं पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ अत्यंत भव्यता से संपन्न हुआ। भक्ति, आस्था और सनातन संस्कृति की अनुपम छटा देखने को मिली। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर भगवान श्रीकृष्ण एवं गोवर्धन महाराज के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित किया।

कार्यक्रम में भागवताचार्य रजनीकांत द्विवेदी ने गोवर्धन पूजा के धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य गोवर्धन लीला का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि गोवर्धन पूजा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण, गौवंश और समस्त जीव-जगत के प्रति कृतज्ञता, करुणा एवं संरक्षण का महान संदेश है। उन्होंने श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से प्रेरणा लेकर सेवा, सद्भाव और समर्पण के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

इस अवसर पर शशांक सिंह, मनोज मिश्रा, संजय पाठक, नीरज उपाध्याय, डॉ. गंगाधर शुक्ला, अलका सिंह, डॉ. विकास रस्तोगी, कौशल त्रिपाठी सहित अन्य भजन गायकों ने श्रीकृष्ण भक्ति के सुमधुर भजनों की ऐसी भावपूर्ण प्रस्तुति दी कि पूरा वातावरण भक्तिरस से ओतप्रोत हो उठा। भजनों की मधुर स्वर लहरियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया और उपस्थित जनसमूह देर तक भक्ति एवं आनंद की अविरल धारा में सराबोर रहा।

आचार्य निशकांत द्विवेदी ने बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं से विधि-विधान एवं वैदिक परंपराओं के अनुरूप गोवर्धन महाराज की पूजा-अर्चना संपन्न कराई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से गोवर्धन परिक्रमा किया। इस दौरान 'गोवर्धन की परिक्रमा कर, मानसी गंगा' जैसे पारंपरिक भक्तिमय भजनों का सामूहिक गायन हुआ। 'गिरिराज महाराज की जय' और 'भगवान श्रीकृष्ण की जय' के जयघोष से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं की अपार आस्था और उत्साह ने आयोजन को अविस्मरणीय बना दिया।

कार्यक्रम में रामजी गुप्ता, विनोद अग्रहरि, किशोर ओझा, राजेश सिंह मुन्ना, राजीव गुप्ता, शरद टंडन, संतोष गुप्ता, दयाशंकर निगम, मनोज गुप्ता, संजय पाठक, राधेरमण जायसवाल, राकेश जायसवाल, अरविंद उपाध्याय, राजेंद्र खत्री, शैलेश सिंह, अलका उपाध्याय, सीमा सिंह, यवनिका सिंह, प्रो. आर.के. सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों एवं महिला श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

यह भक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम समग्र रूप से गोवर्धन पूजा महोत्सव धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना एवं सनातन परंपराओं के संरक्षण का प्रेरणादायी उदाहरण बना। भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अटूट श्रद्धा, गोवर्धन महाराज की महिमा और सामूहिक भक्ति के इस अनुपम संगम ने उपस्थित श्रद्धालुओं के हृदय में आध्यात्मिक ऊर्जा, सकारात्मकता और आनंद का संचार किया। आयोजन ने एक बार फिर भारतीय संस्कृति की उस महान परंपरा को जीवंत किया जो प्रकृति के सम्मान, गौसेवा, लोककल्याण और सर्वजन मंगल का संदेश देती है।



ads

ads

ads

ads

ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!