तरूण चौबे
सुजानगंज, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के शिवरिहा निवासी सुमित पाल (20) की मोबाइल चार्ज मे लगाते समय विद्युत की चपेट में आने से गुरुवार देर रात मौत हो गयी। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत शिवरिहा में गुरुवार रात अचानक विद्युत प्रवाह तेज होने के कारण संबंधित ट्रांसफार्मर से लगे सभी घरों में अफरा—तफरी मच गई। कई वोर्ड जल गए तथा कई इलेक्ट्रिक व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर खाक हो गए। इसी समय सुमित पुत्र शैल कुमार पाल मोबाइल चार्ज में लगाने लगे। विद्युत तेज प्रवाहित होने के कारण विद्युत की चपेट में आ गए जिससे मौके पर ही सुमित की मौत हो गई। सुमित कुमार दो भाईयो में बड़े थे। गांव मे अन्य कई लोगों को भी विद्युत के झटके लगे। विजयपाल की पत्नी को भी परिवार के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चपेट में आने से बचा लिया फिर भी उन्हें एक दो जगह करंट से घाव लग गया जिनको सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुजानगंज ले जाया गया जहां उपचार के बाद डॉक्टरों ने खतरे से बाहर बताया और दवा देकर छोड़ दिया। गांव के ही अखिलेश पुत्र मोती लाल, कलावती, आदित्य को भी शरीर में हल्के-फुल्के करेंट के निशान लगे हैं। जब तक विद्युत प्रवाह तेज था जो भी उसके संपर्क में आया सभी घायल हुए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ दूर पर ही पावर हाउस है। वहां भी तार में आग की लपट देखी गई। लोगों के बुलाने के बाद भी किसी ने भी ध्यान नहीं दिया और न ही फोन उठाया। विद्युत सप्लाई तब तक बंद नहीं हुई जब तक पावर हाउस पर जलने वाला तार कटकर नीचे नहीं गिर गया।
सूचना मिलते ही रात में ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को क़ब्ज़े में लेकर विधिक कार्रवाई करते हुए अंत्यपरीक्षण हेतु भेज दिया।
.jpg)





