5वें दिन लीला हुई सम्पन्न
चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। ऐतिहासिक रामलीला के अगले क्रम में गांधीनगर कलेक्टरगंज मंच पर 5वें दिन की रामलीला में वृंदावन के आदर्श राशेश्वरी रामलीला मंडली के कलाकारों द्वारा मर्मस्पर्शी और भावुक प्रसंगों का मंचन प्रस्तुत किया गया। इस दौरान भरत आगमन, भरत कैकेई संवाद, भरत कौशिल्या संवाद, वशिष्ठ भरत संवाद जैसे प्रमुख दृश्यों ने दर्शकों की आंखें नम कर दीं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण राजा दशरथ के विमान की शोभायात्रा और उनका प्रतीकात्मक दाह संस्कार रहा। शोभायात्रा के दौरान मजीरे की धुन पर भारी संख्या में रामभक्त भजन कीर्तन करते रहे।
लीला व्यास योगेश महाराज और उनकी मंडली द्वारा प्रस्तुत मंचन में भरत के अयोध्या लौटने पर कैकेई और कौशिल्या के साथ हुए संवाद ने दर्शकों को पूरी तरह से भावुक कर दिया। महर्षि वशिष्ठ और भरत के बीच हुए संवाद में धर्म और कर्तव्य का सुंदर संदेश दिया गया। वहीं राजा दशरथ की अंतिम यात्रा में राजा दशरथ का पावन विमान नगर के रामलीला भवन से भव्य रूप से निकाला गया। राजा दशरथ की अंतिम यात्रा के साथ भजन मंडली द्वारा वृंदावन के आदर्श राशेश्वरी रामलीला मंडली द्वारा मजीरे की धुन पर सकल तजो राम जी भजो मोरे भाई आदि के भजन कीर्तन करती रही।
दशरथ विमान नगर के लोहा मंडी, डाकखाना तिराहा, जेसीज चौक, योगी तिराहा, रोडवेज से होता हुआ माल गोदाम मार्ग व श्रीरामपुर रोड होता हुआ गांधीनगर कलेक्टरगंज स्थित मुख्य मंच पर पहुंचा। विधि-विधान और परंपरा के अनुसार राजा दशरथ का प्रतीकात्मक दाह संस्कार संपन्न कराया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरा क्षेत्र "जय श्रीराम" के जयकारों से गूंज उठा।
समिति के अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल ने बताया कि रविवार से नगर के पक्का पोखरा स्थित मंच पर दिन की लीला का मंचन प्रारंभ होगा। रात्रि की लीला का मंचन अगले 3 दिनों के लिए नगर के नई आबादी स्थित मंच पर खेली जायेगी।
.jpg)







