श्री कृष्णा न्यूरो एण्ड मेंटल हेल्थ क्लीनिक पर विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर हुई जनजागरूकता संगोष्ठी
जौनपुर। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर नगर के नईगंज में स्थित श्री कृष्णा न्यूरो एण्ड मेंटल हेल्थ क्लीनिक पर मानसिक स्वास्थ्य को लेकर विशेष संगोष्ठी एवं जनजागरूकता कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में मानसिक बीमारियों को लेकर फैले भ्रम को दूर करना और लोगों को सही समय पर इलाज के लिए प्रेरित करना था।
इस मौके पर क्लीनिक के संस्थापक एवं वरिष्ठ मनोचिकित्सक (न्यूरो-साइकिएट्रिस्ट) डॉ. हरिनाथ यादव ने मानसिक बीमारियों के प्रकार, उनके बढ़ते खतरे और बचाव के बारे में लोगों को विस्तार से जानकारी दिया। साथ ही कहा कि आज मानसिक बीमारियां पूरी दुनिया में एक 'मूक महामारी' (Silent Epidemic) का रूप ले चुकी हैं। उन्होंने वैश्विक आंकड़ों का हवाला देते हुये स्पष्ट किया कि दुनिया भर में मानसिक बीमारियां अब विकलांगता (Disability) का सबसे बड़ा कारण बन गई हैं। वर्तमान में दुनिया भर में करीब 120 करोड़ लोग मानसिक विकारों से जूझ रहे हैं। 1990 के बाद से इन मामलों में 95.5% की भयानक वृद्धि दर्ज की गई है जो हम सभी के लिए एक गम्भीर चेतावनी है।
देश में मानसिक स्वास्थ्य की स्थिति पर चिन्ता व्यक्त करते हुये डा. यादव ने बताया कि भारत में हर 7 में से 1 व्यक्ति किसी न किसी मानसिक विकार से ग्रस्त है। इसका सीधा सा अर्थ है कि देश में करीब 19.7 करोड़ लोग मानसिक रूप से बीमार हैं। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों (6.9%) की तुलना में शहरी क्षेत्रों (13.5%) में यह बीमारी लगभग दोगुनी रफ्तार से फैल रही है। आज की भागदौड़ भरी जिन्दगी, तनाव और बदलती जीवनशैली इसका एक बहुत बड़ा कारण है।
उन्होंने बीमारियों के विस्तार पर बात करते हुये कहा कि भारत में उदासी (डिप्रेशन) और घबराहट (एंग्जायटी) के मरीज सबसे अधिक हैं। लगभग 4.57 करोड़ लोग डिप्रेशन और 4.49 करोड़ लोग एंग्जायटी का शिकार हैं। इसके अलावा समाज में शराब और नशे की लत (Substance Use) महामारी की तरह युवाओं को बर्बाद कर रही है। सिजोफ्रेनिया, बाइपोलर डिसऑर्डर जैसी गम्भीर बीमारियों के साथ बच्चों में ऑटिज्म और ADHD के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। साथ ही सचेत किया कि डिप्रेशन के मरीजों में हृदय रोग का खतरा 72% तक बढ़ जाता है।
मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में सबसे बड़ी चुनौती का जिक्र करते हुये मनोचिकित्सक ने कहा कि आज भी देश में 70 से 90 प्रतिशत मानसिक रोगियों को कभी इलाज ही नहीं मिल पाता (ट्रीटमेंट गैप)। अन्धविश्वास और कलंक (Stigma) के डर से लोग बीमारी छिपाते हैं। सही समय पर इलाज न मिलने के कारण मानसिक रोगियों में आम लोगों की तुलना में आत्महत्या का खतरा 16 गुना अधिक होता है जिसे केवल वैज्ञानिक इलाज और जागरूकता से ही रोका जा सकता है।
कार्यक्रम के अगले चरण में क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. प्रतिमा यादव ने उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुये मानसिक बीमारियों के उपचार में दवाइयों के साथ क्लीनिकल साइकोलॉजी की भूमिका पर प्रकाश डाला। साथ ही मरीजों और उनके परिजनों को 'बिहेवियर थेरेपी' और 'साइकोलॉजिकल काउंसलिंग' के वैज्ञानिक फायदों के बारे में विस्तार से समझाते हुये बताया कि कैसे थेरेपी के जरिये विचारों की उलझन को दूर कर जीवन को सकारात्मक बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर डॉ. हरिनाथ यादव, डॉ. प्रतिमा यादव के साथ डॉ. सुशील, नितिन, लालजी, शिव बहादुर, समस्त नर्सिंग स्टाफ, बड़ी संख्या में मरीज एवं उनके परिजन उपस्थित रहे। अन्त में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति एकजुटता दिखाते हुए उपस्थित सभी अतिथियों, श्रोताओं और अस्पताल प्रबंधन का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
.jpg)





