अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिये निर्देश
जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में ग्राम कुछमुछ निवासी शशिकान्त ने भीटा की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत किया जिस पर उन्होंने संबंधित कानूनगो को मौके पर जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने का निर्देश दिया।
इसी प्रकार ग्राम हरबसपुर निवासी राजकुमार यादव ने चकमार्ग पर मिट्टी का कार्य कराए जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने प्रकरण का संज्ञान लेते हुए खण्ड विकास अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
ग्राम नासही जफराबाद निवासी दयाशंकर ने भूमिधरी आराजी को जोतने-बोने में विपक्षीगणों के द्वारा अवरोध उत्पन्न किए जाने की शिकायत किया तो उन्होंने संबंधित कानूनगो को प्रकरण का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जमीन पकड़ी निवासी रामकेश यादव ने खतौनी में नाम गलत दर्ज होने की शिकायत प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी ने प्रकरण का तत्काल संज्ञान लेते हुए नाम में आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए। कार्यवाही के उपरांत संशोधित खतौनी जिलाधिकारी द्वारा स्वयं लाभार्थी को उपलब्ध कराई गई।
सैदपुर गडऊर निवासी सुरेन्द्र ने बताया कि विपक्षीगणों द्वारा उनका नया मकान बनाने नही दिया जा रहा है जिस पर जिलाधिकारी द्वारा कानूनगो को जांचकर प्रकरण के निस्तारण के निर्देश दिये गये। जिलाधिकारी के समक्ष को कुल 89 प्रार्थना पत्र पत्र प्राप्त हुए जिसमें 8 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण ढंग करते हुए शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलना सुनिश्चित किया जाए। संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर जांच करने तथा गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिये।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 गंगाराम गौतम, उपजिलाधिकारी सदर योगिता सिंह सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
.jpg)





