विनय शर्मा
डोभी, जौनपुर। चन्दवक थाना क्षेत्र के चंदवक गांव में रविवार की रात एक व्यक्ति, उसकी पत्नी और बेटे के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने गांव के ही 3 लोगों समेत कुछ अज्ञात लोगों पर जान से मारने की नियत से हमला करने का आरोप लगाया है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
चन्दवक गांव निवासी शमीम अहमद (50) पुत्र अनवर अली का आरोप है कि 4/5 अक्तूबर की रात गांव के ही मोनू सोनकर, विकास सोनकर और आकाश गुप्ता समेत कुछ अज्ञात लोग उनके साथ विवाद करने लगे। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने शमीम अहमद के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी और बेटे को भी नहीं बख्शा गया और उनके साथ भी मारपीट की गई।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने परिवार को जान से मारने की नियत से बुरी तरह पीटा। घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग किया।
थाना प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मोनू सोनकर, विकास सोनकर और आकाश गुप्ता समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच के साथ ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
.jpg)




