चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। फरीदुल हक मेमोरियल पीजी कॉलेज तालीमाबाद सबरहद में 26 अक्टूबर को अंतर महाविद्यालय पुरुष हैंडबॉल प्रतियोगिता हुई। पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध जौनपुर एवं गाजीपुर के विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। रोमांचक मुकाबलों के बीच टीडी कॉलेज जौनपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि मेजबान फरीदुल हक मेमोरियल पीजी कॉलेज उपविजेता रहा।
इसके पहले कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. तबरेज आलम द्वारा अतिथियों एवं प्रतिभागी टीमों के स्वागत के साथ हुआ। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक विकास के साथ मानसिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सहयोग और संघर्ष की भावना विकसित होती है।
प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल फरीदुल हक मेमोरियल पीजी कॉलेज और मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज के बीच खेला गया। इसमें मेजबान टीम ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में टीडी कॉलेज जौनपुर ने सूर्यबली कॉलेज को हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबला फरीदुल हक मेमोरियल पीजी कॉलेज और टीडी कॉलेज जौनपुर के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंतिम क्षणों तक चले कड़े मुकाबले में टीडी कॉलेज जौनपुर ने एक गोल से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज ने सूर्यबली कॉलेज को पराजित किया।
प्रतियोगिता में टीडी कॉलेज जौनपुर प्रथम, फरीदुल हक मेमोरियल पीजी कॉलेज सबरहद द्वितीय तथा मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज तृतीय स्थान पर रहा। विजेता एवं उपविजेता टीमों सहित तीसरे स्थान पर रही टीम को महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष हफीज आलम, उप प्रबंधक मोहम्मद राशिद, डॉ. इमरान अहमद, प्राचार्य डॉ. तबरेज आलम, सर सैयद अहमद इंटर कॉलेज सबरहद के प्रधानाचार्य मोहम्मद शाहिद नईम तथा प्रतियोगिता के आयोजन सचिव डॉ. राकेश सिंह ने ट्रॉफी एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।
.jpg)






