विरेन्द्र यादव
सरायख्वाजा, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के वाराणसी-फैजाबाद रेलखंड पर रविवार सुबह काकोर गहना गांव के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। रेलवे ट्रैक के पास महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना सरायख्वाजा पुलिस को दी।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह काकोरगहन के पास वाराणसी-फैजाबाद रेलखंड पर लोगों ने एक वृद्ध महिला का शव पड़ा देखा। इसकी जानकारी होते ही मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल सरायख्वाजा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने महिला की पहचान कराने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की और काफी प्रयास किया लेकिन समाचार लिखे जाने तक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। इसके बाद पुलिस ने शव को जिला अस्पताल के मर्चरी हाउस भेज दिया।
वृद्ध महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रथम दृष्टया ट्रेन की चपेट में आने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस महिला की पहचान कराने में जुटी हुई है, ताकि घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा सके।
.jpg)





