चौकियां धाम, जौनपुर। पूर्वांचल की आस्था का केंद्र मां शीतला चौकियां धाम में मंगलवार को शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने माता जी के चंद्रघंटा स्वरूप में दर्शन-पूजन करके मत्था टेका। प्रातः काल भोर में 4 बजे मन्दिर के कपाट खुलने के पश्चात मन्दिर महंत विवेकानन्द पंडा ने माता रानी का भव्य श्रृंगार करके आरती पूजन किया। हवन—पूजन एवं माता रानी के जयकारों से सारा वातावरण भक्तिमय हो गया। कतार में खड़े होकर भक्तों ने माता रानी के दरबार में दर्शन पूजन करते नजर आये। मन्दिर परिषद को आकर्षण रूप, रंग—बिरंगे झालर, लाइट आदि से सजाया गया है।
बताया गया कि शारदीय नवरात्रि के तीसरे दिन मां दुर्गा के तीसरे स्वरूप मां चंद्रघंटा के स्वरूप में माता रानी का दर्शन पूजन किया गया। श्रीमद्देवी भागवत, पुराण के अनुसार मां दुर्गा के तीसरे स्वरूप में मां चंद्रघंटा की पूजा की जाती है। मां के मस्तक पर घंटे के आकार का अर्धचंद्र सुशोभित है, इसलिए इन्हें चंद्रघंटा कहा जाता है। वे साहस, शक्ति और शांति की प्रतीक हैं। इस दिन लाल रंग पहनना शुभ माना जाता है जो ऊर्जा, उत्साह और शक्ति का प्रतीक है।मां चंद्रघंटा को मुख्य रूप से दूध या दूध से बनी चीजों (जैसे खीर या मिठाई) का भोग लगाया जाता है।
वहीं सुरक्षा की दृष्टि से मन्दिर परिसर सहित मेला क्षेत्र में पुलिस व पीएसी के जवान लगाये गये हैं। आजमगढ़ मार्ग से आने वाले दर्शनार्थियों के लिये वाहन पार्किंग की व्यस्था मन्दिर से 300 मीटर की दूरी पूर्वी मुख्य मार्ग की गयी है। वहीं वाराणसी, शाहगंज, सुल्तानपुर, जौनपुर से आने पर पश्चिमी मुख्य मार्ग बड़ागर चौराहे पर वाहन पार्किंग की व्यस्था की गयी है। थानाध्यक्ष लाइन बाजार केके सिंह एवं शीतला चौकियां धाम चौकी प्रभारी राम प्रकाश यादव सहयोगी पुलिसकर्मियों के साथ मेला क्षेत्र में मौजूद रहे।
.jpg)






