अतुल जायसवाल
रामपुर, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र से अपहृत लगभग 10 वर्षीय बालक को पुलिस ने महाराष्ट्र के नवी मुम्बई से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी अरबाज पुत्र स्व. इलियास निवासी गोपालापुर थाना रामपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम आरोपी और बालक को लेकर बीते 11 अक्टूबर को रामपुर थाने पहुंची जहां मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। बालक की सकुशल बरामदगी से परिजनों में खुशी का माहौल है। पुलिस के अनुसार बीते 6 अक्टूबर को बालक स्कूल जा रहा था। इसी दौरान आरोपी अरबाज ने अपने अन्य साथियों के साथ कथित तौर पर बालक को पकड़कर उसका मुंह ढक दिया और मोटरसाइकिल से लेकर फरार हो गया। इसके बाद बालक को लेकर मुंबई चले जाने की बात सामने आई। घटना के संबंध में रामपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 140(2), 115(2), 352, 351(3) और 3(5) में मुकदमा दर्ज किया गया था। अपहृत बालक की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम गठित की गई।
मोबाइल लोकेशन के आधार पर मुम्बई में कार्यवाही
पुलिस टीम मुम्बई पहुंची और नवी मुंबई के एपीएमसी थाने में नियमानुसार आमद दर्ज कराने के बाद स्थानीय पुलिस का सहयोग प्राप्त किया। इसके बाद आरोपी की मोबाइल लोकेशन ट्रेस करते हुए टीम तुर्भे के सेक्टर नम्बर 24 पहुंची। पुलिस के मुताबिक वहां आरोपी बालक के साथ दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने बालक को छोड़कर भागने का प्रयास किया लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपी को बीते 10 अक्टूबर की रात करीब 12:15 बजे मुम्बई से हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे नवी मुम्बई स्थित 5वें न्यायिक मजिस्ट्रेट सीबीडी बेलापुर के समक्ष पेश किया गया जहां से 96 घंटे का ट्रांजिट रिमांड प्राप्त हुआ। इसके बाद पुलिस टीम बालक और आरोपी को लेकर जौनपुर लौट आई।
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी आया सामने
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध रामपुर थाने में पहले भी मुकदमा दर्ज है। उसके आपराधिक इतिहास में मुकदमा संख्या 73/25 शामिल है जिसमें बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट की धाराएं भी दर्ज हैं। वहीं वर्तमान मामला मुकदमा संख्या 194/26 के रूप में दर्ज है। बालक की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली टीम में रामपुर थानाध्यक्ष, सुजानगंज थानाध्यक्ष अमित पाण्डेय, उपनिरीक्षक रामाश्रय कुशवाहा, हेड कांस्टेबल अनुरुद्ध प्रसाद, कांस्टेबल सुरेश यादव तथा एसओजी टीम के कांस्टेबल अमित सिंह शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। बालक के सकुशल घर लौटने पर परिजनों ने राहत की सांस लेते हुये पुलिसिया कार्यवाही की सराहना किया।
.jpg)






