दहेज में बाइक और एक लाख रुपये की मांग का आरोप
बरसठी, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के शहाबपुर परियत गांव निवासी विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज में एक लाख रुपये और बाइक की मांग को लेकर मारपीट व प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर बरसठी पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। शहाबपुर परियत निवासी गुड़िया देवी की शादी 30 मई 2024 को भदोही जनपद के रघुनाथपुर निवासी संदीप यादव के साथ हुई थी। गुड़िया देवी के अनुसार शादी में उनके पिता मोहन यादव ने दो लाख रुपये नकद और अन्य सामान उपहार स्वरूप दिया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में एक लाख रुपये और बाइक की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाने लगी। पीड़िता का आरोप है कि 20 मई को ससुराल वालों ने दहेज की मांग को लेकर उसे घर से निकाल दिया और वाहन से उसके मायके शाहबपुर परियत पहुंचा दिया। इसके बाद भी फोन पर धमकी देने का आरोप लगाया है। बरसठी पुलिस ने मंगलवार को पति संदीप यादव, ससुर लालमनी यादव, सास निर्मला देवी, जेठ सोनू और जेठानी ऊषा देवी निवासी रघुनाथपुर, भदोही के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
.jpg)






