अजय पाण्डेय
जौनपुर। सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत जनपद में कुल 81 आँगनबाड़ी केन्दों पर ऑगन मिलन सेवा (हेल्दी बेबी प्रतियोगिता) का आयोजन हुआ। इसी क्रम में आंगनबाड़ी केन्द्र मियांपुर में आंगन मिलन सेवा (हेल्दी बेबी प्रतियोगिता) में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार ) खेल एवं युवा कल्याण उ0प्र0 सरकार गिरीश चन्द्र यादव की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में कुल 100 लोगों ने प्रतिभाग किया जिसमें बच्चे, उनके अभिभावक एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों सम्मिलित रहीं।
इस दौरान बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं समुचित विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन हुआ। इसी क्रम में हेल्दी बेबी प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं शारीरिक विकास के प्रति अभिभावकों को जागरूक करने का संदेश दिया गया।
इस मौके पर मंत्री जी ने कहा कि बच्चों के स्वस्थ एवं समग्र विकास के लिए संतुलित पोषण, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छता तथा उचित देखभाल अत्यंत आवश्यक है। आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से बच्चों एवं गर्भवती तथा धात्री महिलाओं को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ परिवारों को जागरूक करने का महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है।
प्रतियोगिता में प्रथम आने वाले प्रभात, द्वितीय आने वाले आदवीक एवं तृतीय स्थान आने वाली स्मिता के साथ अन्य बच्चों को जिनमें निधि, भव्या, आरती गौरव आदि बच्चों को मंत्री जी द्वारा स्कूल बैग, वाटर बॉटल, लंच-बाक्स, पेन्सिल बाक्स आदि पुरस्कार के रूप में प्रदान किया गया। साथ ही विजेता बच्चों के अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बच्चों एवं उनके अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी भी साझा किया। उपस्थित अभिभावकों को बच्चों को रेसिपी आधारित पौष्टिक एवं संतुलित आहार उपलब्ध कराने, स्वच्छता बनाए रखने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए प्रेरित किया गया। आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के स्वस्थ भविष्य के निर्माण के साथ अभिभावकों में पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है। अंत में जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत सिंह ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं अन्य लोगों का आभार व्यक्त किया।
.jpg)







