वाराणसी-आजमगढ़ राजमार्ग पर पड़ने वाले ढेरही टोल प्लाजा पर किसान नेता अजीत सिंह गिरफ्तार
अपने शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह करने का किया प्रयास
विनय शर्मा
डोभी, जौनपुर। वाराणसी-आजमगढ़ राजमार्ग पर पड़ने वाले ढेरही टोल प्लाजा बलरामगंज में किसानों के प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को लेकर बुधवार को माहौल गरमा गया। पुलिस ने किसान नेता अजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान बड़ी संख्या में किसान मौके पर पहुंच गये और प्रशासन के खिलाफ हल्ला बोलते हुए प्रदर्शन किया। बताया जा रहा है कि इसी दौरान किसान नेता अजीत सिंह अपने शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह करने का प्रयास किया जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला और अजीत सिंह को अपने कब्जे में ले लिया। घटना के बाद बड़ी संख्या में किसान मौके पर जुटे रहे और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। टोल प्लाजा क्षेत्र में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी गई। वहीं प्रदर्शन कर रहे युवक प्रदर्शन के दौरान घायल हो गया जिसे प्रशासन द्वारा एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चोलापुर भेजा गया। किसानों की भारी संख्या होने से प्रशासन के हाथ पांव फुल गए। प्रशासन की मौजूदगी में इतनी बढ़ी संख्या में किसानों का पहुंचना अलग ही एकता जता जा रही है। मौके पर पहुंचे वाराणसी के अजगरा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक त्रिभुवन राम ने मोबाइल फोन से प्रदेश के मुख्यमंत्री से वार्तालाप करने के बाद बताया कि मुख्यमंत्री जी ने अगले आदेश तक ढेरही टोल प्लाजा बलरामगंज की वसूली स्थगित कर दी है।
.jpg)






