विशेषज्ञों ने साझा किये स्वास्थ्य के महत्वपूर्ण सूत्र
शुभांशू जायसवाल
जौनपुर। लायंस क्लब जौनपुर ‘गोमती’ ने कुंवर दास सेवा आश्रम हॉस्पिटल पचहटियां में “आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा: स्वास्थ्य के दो आयाम— सम्पूर्ण संवाद” विषय पर विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम किया। जौनपुर में पहली बार आयोजित इस तरह के संवाद में आयुर्वेद एवं आधुनिक चिकित्सा पद्धति के विशेषज्ञ एक मंच पर उपस्थित हुए और आमजन को स्वस्थ जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। कार्यक्रम का उद्देश्य दोनों चिकित्सा पद्धतियों को लेकर समाज में व्याप्त जिज्ञासाओं एवं भ्रांतियों को दूर करना तथा लोगों को प्रमाणिक चिकित्सकीय जानकारी उपलब्ध कराना रहा।
आधुनिक चिकित्सा पद्धति की ओर से वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राम अवध यादव, वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. वी.एस. उपाध्याय एवं फिजिशियन डॉ. अंशु कुमारी ने विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं, समय पर जांच, उपचार तथा चिकित्सकीय परामर्श के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति की ओर से शकुन्तला यादव, आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. बीना त्रिपाठी, डिप्टी मेडिकल सुप्रीटेंडेंट डॉ. अरुण तिवारी, शकुन्तला यादव, मेडिकल कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल डॉ. जी.एस. यादव ने आयुर्वेद की जीवनशैली आधारित अवधारणाओं, आहार-विहार, दिनचर्या एवं रोगों से बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दिया।
कार्यक्रम संयोजिका डॉ. शंकुतला यादव ने कहा कि आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा को लेकर लोगों के मन में अनेक प्रश्न होते हैं। ऐसे संवाद आमजन और विशेषज्ञों के बीच सीधे संवाद का अवसर प्रदान करते हैं और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं। क्लब के उपाध्यक्ष शिवकुमार साहू की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में क्लब के सचिव नवीन मिश्रा ने कहा कि “जब समाज को स्वास्थ्य के संबंध में सही और प्रमाणिक जानकारी मिलती है, तो वह अपने और अपने परिवार के स्वास्थ्य के प्रति अधिक सजग निर्णय ले सकता है। हमारा प्रयास है कि ऐसे सार्थक संवाद निरंतर आयोजित किए जाएं।” इस अवसर पर तमाम चिकित्सकों, लायंस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
.jpg)







