दो बाइक, एक स्कूटी और चोरी की बाइक का इंजन बरामद
नेवढ़िया, जौनपुर। स्थानीय थाना पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और चोरी की एक मोटरसाइकिल का इंजन बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष निखिलेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मिली सूचना पर सीतमसराय नई पुल के पास से साहिल कुमार उर्फ गोलू निवासी आशापुर थाना जलालपुर और विनोद ठठेरा निवासी पुरेव थाना जलालपुर को गिरफ्तार किया।
मामला 5 सितंबर का है। जीतापुर उसरांव निवासी धनंजय राजभर ने नेवढ़िया थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनके पुत्र की अपाची मोटरसाइकिल सीतमसराय बाजार में दिनेश सेठ की दुकान के पास से अज्ञात चोर चोरी कर ले गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो चोरी की मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और एक चोरी की मोटरसाइकिल का इंजन बरामद किया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और उनके खिलाफ नेवढ़िया व जलालपुर थाने में चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शिवभंजन प्रसाद, उपनिरीक्षक घनश्याम सिंह, हेड कांस्टेबल गुलाब चंद यादव, सुशील पांडेय, दीनानाथ भाष्कर, आरक्षी विवेक कुमार, शैलेंद्र कुमार, सन्नी प्रताप गौतम शामिल रहे।
.jpg)







