छात्रों एवं युवाओं के हितों की अनदेखी एवं आरक्षण पर उठाये सवाल
तरूण चौबे
सुजानगंज, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र में स्थित प्रणवम् एम्पायर में सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस हुई जहां कांग्रेस शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अमित राय ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा सरकार पर छात्रों और युवाओं के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया और कहा कि सरकार केवल जुमलेबाजी कर रही है। भाजपा हिंदू-मुस्लिम के नाम पर चुनाव जीतने की राजनीति करती है लेकिन अब जनता इस हथकंडे को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने साफ किया कि जिस तरह छात्र अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतर रहे हैं और आम लोग भी अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं, उससे पता चलता है कि जनता अब अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो चुकी है।
आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि वर्ष 2011 में कांग्रेस सरकार ने संविधान और कानून व्यवस्था के तहत गरीब, वंचित और शोषित वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर व्यवस्थाएं लागू की थीं। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार यूजीसी से जुड़े नियमों को मनमाने ढंग से लागू कर छात्रों के हितों की अनदेखी कर रही है। छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की घटना पर सवाल उठाते हुए कहा कि अपने अधिकारों की मांग कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग करना कहां तक सही है। जिस अधिकारी ने ऐसा निर्णय लिया और जिस भाजपा नेता के आदेश पर कार्रवाई हुई, जनता और छात्र उसे कभी माफ नहीं करेंगे।
राम मंदिर से जुड़े चंदे के मामले का जिक्र करते हुए अमित राय ने कहा कि जिन लोगों को नोटिस जारी किया गया और जिनकी भूमिका पर सवाल उठे, उनके खिलाफ अब तक कड़ी कार्रवाई क्यों नहीं की गई। आरोप लगाया कि भाजपा के एजेंटों के माध्यम से इस तरह की गतिविधियां कराई जा रही हैं। आज जिस तरह लोग अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतर रहे हैं, उसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा सरकार की है। कांग्रेस पार्टी छात्रों, युवाओं, गरीबों और वंचितों के अधिकारों की लड़ाई आगे भी मजबूती से लड़ती रहेगी।
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद सिंह, नगर अध्यक्ष आरिफ खान, जिला सचिव इरशाद खान राजू, ब्लाक अध्यक्ष सुजानगंज जय प्रकाश मिश्र, राकेश मिश्र जिला उपाध्यक्ष सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
.jpg)







