Jaunpur News: प्रतिभा को मंच मिलने से निखरता है बच्चों का आत्मविश्वास: धर्मेन्द्र

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News: प्रतिभा को मंच मिलने से निखरता है बच्चों का आत्मविश्वास: धर्मेन्द्र


सेवा संकल्प अभियान में सर्वोदय इण्टर कालेज में विविध प्रतियोगिताएं आयोजित

मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

राकेश शर्मा

खेतासराय, जौनपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत क्षेत्र के सर्वोदय इंटर कॉलेज खुदौली में गुरुवार को विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को सामने लाने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रम किये गये। चित्रकला, भाषण और रंगोली प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कल्पनाशीलता एवं विचारों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने विकसित भारत की संकल्पना और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों को अपनी कला व वक्तव्य के जरिए अभिव्यक्त किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र मिश्रा रहे। विशिष्ट अतिथियों में खंड शिक्षा अधिकारी बसंत शुक्ला, प्रबंधक अनिल उपाध्याय, जिला मंत्री अजय सिंह तथा मंडल अध्यक्ष उपेंद्र मिश्रा शामिल रहे। अतिथियों ने प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए चित्रों, रंगोली और भाषणों का अवलोकन किया तथा बच्चों का उत्साह बढ़ाया।

मुख्य अतिथि ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी के भीतर कोई न कोई प्रतिभा अवश्य होती है। जरूरत केवल उसे पहचानने और उचित मंच उपलब्ध कराने की है। जब बच्चों को अपनी बात कहने, अपनी कल्पना को चित्रों में उतारने और अपनी सोच को सार्वजनिक रूप से व्यक्त करने का अवसर मिलता है तो उनमें आत्मविश्वास के साथ नेतृत्व क्षमता भी विकसित होती है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ सामाजिक और राष्ट्रीय विषयों से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और स्वागत गीत से हुई। इसके बाद अतिथियों का माल्यार्पण करके अभिनंदन हुआ। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी अनिल राम ने आयोजन की रूपरेखा और उद्देश्य पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। इस अवसर पर डॉ. विकास यादव, मनीष गुप्ता, मुखई बिन्द, राजकेसर मिश्रा, अखिलेश मिश्रा, सुनीता मिश्रा, आशीष सिंह, राजेश यादव, विनोद मिश्रा, जयदेव पाण्डेय, रेखा यादव सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे। अंत में प्रधानाचार्य दिनेश कुमार ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और प्रतिभागी विद्यार्थियों का आभार जताया। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी इसी प्रकार विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने हासिल किये स्थान

भाषण प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में अंशुमान चौधरी ने प्रथम, श्रद्धा मिश्रा ने द्वितीय तथा रिंका गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर वर्ग में श्रेया अस्थाना प्रथम, अंजली यादव द्वितीय तथा सृष्टि बिन्द और सेजल यादव ने क्रमशः तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में श्वेता यादव प्रथम, महिमा बिन्द द्वितीय तथा अयांशी यादव तृतीय रहीं। सीनियर वर्ग में महाजन ने प्रथम, आंचल राजभर ने द्वितीय तथा रिद्धिमा और शिवांगी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया। स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों की ओर से प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर विद्यार्थियों में खासा उत्साह दिखाई दिया।



ads

ads

ads

ads

ads

ads

ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!