रहवासियों ने किया स्वागत, सदर राशिद खान ने किया सम्मान
विपिन मौर्य
मछलीशहर, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के सीरत कमेटी द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 71वां राष्ट्रीय एकता सम्मेलन जामा मस्जिद के मैदान पर हुआ जिसका मुख्य विषय “भारत हमारा वतन: अधिकार और कर्तव्य” रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता तथा राज्यसभा सांसद संजय सिंह रहे जिनके मछलीशहर पहुंचने पर स्थानीय लोगों एवं आयोजकों ने उनका स्वागत किया। कमेटी के अध्यक्ष राशिद खान ने स्मृति चिन्ह भेंट करके सांसद जी को सम्मानित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संरक्षक हाजी इमरान खान ने किया। कार्यक्रम के आयोजन में अध्यक्ष राशिद खान, फिरोज अंसारी, असजद सिद्दीकी, रईस खान, शकील सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम की शुरुआत हाफिज मोहम्मद रिजवान, इमाम शाही जामा मस्जिद मछलीशहर की तिलावते कलाम-ए-पाक से हुई। संचालन हाजी एजाज खान ने किया।
सांसद श्री सिंह ने हिंदू-मुस्लिम एकता, आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। साथ ही कहा कि देश की मजबूती और तरक्की के लिए आपसी एकता और भाईचारा बेहद जरूरी है। वहीं मौलाना वसीम शेरवानी ने इस्लाम की रोशनी में आपसी भाईचारे और इंसानियत का पैगाम दिया। हजरत मौलाना अबुल कलाम, इमाम-ए-शहर ने भी मुल्क से मोहब्बत, आपसी सौहार्द और भाईचारे पर अपना बयान पेश किया।
कमेटी के संरक्षक हाजी इमरान खान ने कहा कि राष्ट्रीय एकता सम्मेलन का उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भावना को मजबूत करना है। भारत की गंगा-जमुनी तहजीब हमारी पहचान है और हम सभी को मिल-जुलकर देश की एकता एवं अखण्डता को मजबूत करने का प्रयास करना चाहिए।
इस अवसर पर मौलाना अबुल कलाम, मौलाना वसीम, हाफिज अफजल, हाफिज खालिद, मोहम्मद अकील अंसारी, गुलाम रसूल राइन, हाजी इश्तियाक खान, शमशुल इस्लाम, मुस्तफीज खान, आरिफ अंसारी, इफ्तेखार खान, फराज सभासद, इसरार खान, फजल खान, तौसीफ अंसारी, इब्राहिम, अरबाज अंसारी, नसीम समेत तमाम लोग मौजूद रहे। इस दौरान मछलीशहर की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की मिसाल देखने को मिली।
.jpg)







