सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के सारी जहांगीर पट्टी गांव निवासी बोलने में अक्षम 19 वर्षीय युवक रविवार से लापता है। वह दोपहर में घर से रामनगर बाजार जाने की बात कहकर निकला था लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर काफी तलाश किया लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद युवक की मां ने सरपतहां थाने में तहरीर देकर बेटे की बरामदगी की गुहार लगाई है। प्रभाकर उपाध्याय उर्फ पप्पू (19) पुत्र गंगा प्रसाद रविवार दोपहर करीब एक बजे घर से निकला था। रामनगर बाजार में क्षेत्र के ही एक परिचित ट्रैक्टर चालक के साथ वह ट्रैक्टर पर बैठकर सरपतहां मोड़ तक पहुंचा। वहां से सूरापुर की ओर जाने वाले एक ऑटो में सवार हो गया। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। प्रभाकर अपनी मां कुसुम देवी के साथ घर पर रहता है। उसके दो बड़े भाई पिता के साथ रोजी-रोटी के सिलसिले में गुजरात में रहते हैं। बेटे के लापता होने से मां का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने पुलिस से युवक को जल्द बरामद करने की मांग किया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
.jpg)







