4 लोग घायल, दो की हालत नाजुक
बाइक सवार को बचाने के चक्कर में सामने से आ रही बाइक से टकराई कार
चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को जौनपुर-शाहगंज मार्ग पर आयारमानीस ढाबे के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। टक्कर के बाद कार सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में चार लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार पारा कमाल निवासी आतिफ पुत्र फैजान कार लेकर दुकान की ओर जा रहा था। वह आयारमानीस ढाबे के पास पहुंचा था तभी सड़क पर अचानक एक बाइक सवार आ गया। उसे बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही बाइक से टकराते हुए सड़क किनारे खाई में पलट गई।
हादसे में दिव्यांश, प्रिंश पुत्र लाला निवासी कौड़िया थाना शाहगंज समेत 4 लोग घायल हुये। अन्य घायलों की पहचान राकेश पुत्र रामजीत और साहिल पुत्र आतिश निवासी कौड़िया के रूप में हुई है। बताया गया कि बाइक सवार काम करने के लिए खेतासराय की ओर जा रहे थे।
हादसे के बाद मची चीख-पुकार
दुर्घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद आरोपी चालक को लेकर मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश दिखा। इस दौरान मारपीट की स्थिति भी बनी और घायल मदद के लिए चिल्लाते रहे जबकि कई लोग मौके पर तमाशबीन बने रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी शाहगंज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए सभी को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दिव्यांश और प्रिंश की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
.jpg)






