Jaunpur News: बरसठी में तिरंगा यात्रा ने भरा देशभक्ति का जोश

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News: बरसठी में तिरंगा यात्रा ने भरा देशभक्ति का जोश


बाजार से निगोह तक लहराया गया तिरंगा

शहीदों की गौरवगाथा ने जगाया राष्ट्रप्रेम

अनुपम मौर्य

बरसठी, जौनपुर। स्वतंत्रता दिवस पर स्थानीय क्षेत्र देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। बरसठी बाजार से निगोह तक निकली विशाल तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में युवा, बच्चे, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लिए लोग भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ आगे बढ़ते रहे। सड़कों पर लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

बरसठी बाजार से शुरू हुई यात्रा मियांचक होते हुए निगोह पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में बाइक सवार युवाओं के साथ चार पहिया वाहनों का काफिला भी शामिल रहा। वाहनों पर लगे तिरंगे और ढोल-नगाड़ों की गूंज ने माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया। डीजे पर बज रहे देशभक्ति गीतों के बीच युवा पूरे जोश के साथ आगे बढ़ते रहे। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया।

निगोह स्थित तेज बहादुर सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज में तिरंगा यात्रा का समापन हुआ। यहां आयोजक अनूप सिंह ने यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व सांसद धनंजय सिंह तथा विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंसू’ सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

समारोह में अतिथियों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों की गौरवगाथा और उनके बलिदान को याद किया। साथ ही कहा कि देश की आजादी वीर सपूतों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। युवाओं से शहीदों के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्रहित में योगदान देने का आह्वान किया गया।

अनुराग के गीतों ने बांधा समां

समापन समारोह में प्रसिद्ध अवधी गायक अनुराग पाण्डेय ने देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। उनके गीतों पर लोगों ने तालियों से उत्साह बढ़ाया और पूरा परिसर भारत माता के जयघोष से गूंज उठा।

सुरक्षा में मुस्तैद रही पुलिस

विशाल तिरंगा यात्रा को लेकर बरसठी थाना प्रभारी जय प्रकाश यादव पुलिस टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहे। यात्रा मार्ग पर पुलिस की निगरानी के साथ यातायात व्यवस्था को भी व्यवस्थित रखा गया। पुलिस की सतर्कता से यात्रा और समापन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

चहुंओर लहराये गये तिरंगे

बरसठी से निगोह तक लहराते तिरंगे, गूंजते देशभक्ति के नारे और वीर शहीदों की याद ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को यादगार बना दिया। तिरंगा यात्रा ने क्षेत्र में एकता, राष्ट्रप्रेम और देश के लिए समर्पण का संदेश दिया।



ads

ads

ads

ads

ads

ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!