जौनपुर। उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान करने वाली लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा, योजना का शुभारम्भ हुआ। रक्षाबंधन पर सभी माताओं, बहनों एवं बेटियों को सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा 27 अगस्त को प्रातः 6 बजे से 29 अगस्त की मध्य रात्रि 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी। माताएं अपना आधार कार्ड अथवा निर्वाचन कार्ड दिखाकर निःशुल्क यात्रा का लाभ ले सकेंगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की अध्यक्षता में लखनऊ से उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान करने वाली ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ का शुभारंभ एवं विशेष बसों के फ्लैग-ऑफ। साथ ही रक्षाबंधन पर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सभी माताओं, बहनों एवं बेटियों को सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान किए जाने संबंधी कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में देखा एवं सुना गया। मुख्यमंत्री के उद्बोधन को उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में मौजूद माताओं, बहनों एवं बेटियों द्वारा ध्यानपूर्वक सुना गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाध्यक्ष भाजपा अजीत प्रजापति, जिलाध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा मछलीशहर रागिनी सिंह, मीना पटेल, जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, एआरएम रोडवेज स्नेहलता सहित उपस्थित अन्य मातृ शक्तियों के ने दीप प्रज्वलित करके किया। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा सभी माता-बहनों एवं बेटियों के लिए रक्षाबंधन पर 27 अगस्त को प्रातः 6 बजे से 29 अगस्त की मध्य रात्रि तक सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान की जा रही है। इससे माताएं एवं बहनें आसानी से अपने भाइयों के पास जाकर उन्हें राखी बांध सकेंगी और रक्षाबंधन का पर्व उल्लास एवं सुरक्षित वातावरण में मना सकेंगी। 29 अगस्त से उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना अन्तर्गत निःशुल्क आजीवन बस यात्रा का लाभ मिलेगा। माताएं अपना आधार कार्ड अथवा निर्वाचन कार्ड दिखाकर निःशुल्क यात्रा का लाभ ले सकेंगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए बस सेवाएं कल सुबह से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक निःशुल्क रहेंगी। दूसरी योजना के बारे में बताते हुए कहा कि अहिल्याबाई होलकर मातृशक्ति यात्रा योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में कहीं भी यात्रा करने के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा। यह सुविधा आजीवन उपलब्ध रहेगी। उपस्थिति मातृशक्तियों को बधाई दी और बताया कि महिला सशक्तिकरण शासन की शीर्ष प्राथमिकता है। यह योजना मातृशक्ति के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
एआरएम रोडवेज स्नेहलता ने सभी अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रीती श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, परियोजना निदेशक, डीसीएनआरएलएम जितेन्द्र सिंह, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अनीता, जिला पिछडा वर्ग कल्याण अधिकारी नरेन्द्र विश्वकर्मा, जिला अर्थ संख्या अधिकारी डॉ. अरुण यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
.jpg)






