Jaunpur News: सीएमओ का सीएचसी पर छापा, स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News: सीएमओ का सीएचसी पर छापा, स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा


वायरल फीवर को लेकर जारी किये सख्त निर्देश

अनुपम मौर्य

बरसठी, जौनपुर। जिले में सरकारी अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने गुरुवार को 10.30 बजे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरसठी एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) भन्नौर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पतालों की व्यवस्थाओं, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, दवा उपलब्धता, मरीजों के उपचार और साफ-सफाई की व्यवस्था का गहनता से जायजा लिया।

इस दौरान सभी चिकित्सक एवं कर्मचारी अपने-अपने कार्यस्थल पर उपस्थित मिले। अस्पतालों में आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडार उपलब्ध पाया गया तथा स्वास्थ्य सेवाएं संतोषजनक मिलीं। इस पर सीएमओ ने संतोष व्यक्त करते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

सीएमओ ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों से कहा कि अस्पताल में आने वाला कोई भी मरीज बिना इलाज लौटना नहीं चाहिए। प्रत्येक मरीज को समय पर जांच, उपचार और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएं। सरकारी अस्पतालों की पहचान बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से होनी चाहिए और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वर्तमान में वायरल फीवर के बढ़ते मामलों को देखते हुए डॉ. गौतम ने अस्पतालों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने बुखार से पीड़ित मरीजों की आवश्यक पैथोलॉजी जांच कराने, गंभीर मरीजों का तत्काल उपचार सुनिश्चित करने तथा आमजन को साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, मच्छरों से बचाव और वायरल संक्रमण से बचने के उपायों के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान एंटी रेबीज वैक्सीन (एआरवी) एवं एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) की उपलब्धता भी पर्याप्त मात्रा में मिली। सीएमओ ने चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया कि इन जीवनरक्षक दवाओं का स्टॉक हर समय पर्याप्त बना रहे जिससे सर्पदंश अथवा कुत्ते के काटने जैसी आपात स्थितियों में मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

इस अवसर पर डिप्टी सीएमओ डॉ. अजय सिंह, अधीक्षक डॉ सूर्यभान सिंह, डॉ विजय यादव, डॉ सर्वेश मिश्रा, आरपी सिंह फार्मासिस्ट, विनोद नायक एल.टी., राजेंद्र प्रसाद मौर्य बीपीएम, स्टाफ नर्स मनोरमा देवी, सुमन सिंह सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।

ads

ads

ads

ads

ads

ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!