ग्रामीणों ने प्रशासन के प्रति व्यक्त की नाराजगी
भूपेन्द्र नाथ के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पुल की सड़क व नालियों के मरम्मत की उठायी मांग
सुरेरी, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के रामपुर ब्लॉक अंतर्गत नगेसरा और पूरेलाल गांव के मध्य स्थित करोड़ों की लागत से बने पुल निर्माण के महज एक वर्ष के भीतर ही जर्जर अवस्था में पहुंच गया है। पुल के दोनों ओर की सड़कें टूट चुकी हैं तथा नालियां भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। सड़क और नालियों की बदहाल स्थिति के कारण राहगीरों एवं वाहन चालकों को प्रतिदिन भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुल की दुर्दशा के बावजूद शासन-प्रशासन द्वारा अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। इससे क्षेत्र की जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है। बुधवार को नगेसरा गांव के भूपेन्द्र नाथ राय के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पुल पर एकत्र होकर नाराज़गी व्यक्त करते हुए प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया।
ग्रामीणों ने कहा कि पुल की सड़क और नालियों की जर्जर स्थिति से प्रतिदिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया तो नाराज़गी को और व्यापक रूप दिया जाएगा। ग्रामीणों ने शासन—प्रशासन से मांग किया कि पुल की क्षतिग्रस्त सड़क और नालियों की तत्काल जांच कराकर गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराई जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और किसी संभावित बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
.jpg)





