पंकज बिन्द
महराजगंज, जौनपुर। स्थानीय विकास खंड में सड़क दुर्घटना में लगभग 25 वर्षीय शुभम निषाद की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना तब हुई जब एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। उमरी खुर्द गांव निवासी शुभम निषाद अपने मित्र विमलेश निषाद (27) के साथ बाइक से विमलेश के ससुराल से लौट रहे थे। इसी दौरान वे अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। शुभम की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई जबकि विमलेश गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शुभम निषाद अपने दो भाइयों में बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी सुशील देवी और दो साल का बेटा स्वतंत्रता है। शुभम के पिता रोजगार के सिलसिले में दुबई में रहते हैं। इस मामले में बदलापुर थाना प्रभारी अखिलेश पाण्डेय ने बताया कि बनगांव थाना क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
.jpg)







