अनुपम मौर्य
बरसठी, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के खोइरी गांव के पास शनिवार शाम करीब 4:20 बजे डंपर को पास देने के दौरान एक सवारी बस सड़क किनारे बने पुल से टकरा गई। हादसे में बस सवार दो महिलाएं घायल हो गईं। टक्कर के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस जमालापुर से बंधवा की ओर जा रही थी। खोइरी गांव के पास सामने से आ रहे डंपर को रास्ता देने के दौरान सड़क पर यह हादसा हुआ। चालक ने बस को किनारे करने का प्रयास किया, इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर पुल से जा भिड़ी।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायल महिलाओं सहित अन्य सवारियों को बस से बाहर निकाला और घायल महिलाओं को मियांचक स्थित जे.के. हॉस्पिटल पहुंचाया।
घायल गायत्री शर्मा (50) निवासी हड़िया ठकुरइनीपुरा, प्रयागराज के सिर व मुंह में चोट आई है जबकि गुड्डी शर्मा (45) निवासी कौरहा, मछलीशहर के सिर व कमर में चोट लगी है। घायल महिला के अनुसार बस पूरी तरह यात्रियों से भरी थी जिसमें बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं भी सवार थे। करीब 6 बजे जेसीबी की मदद से बस को बाहर निकाला गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी।
.jpg)






