जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में खाद्य तथा रसद विभाग की आपूर्ति शाखा से संबंधित योजनाओं/कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में बताया गया कि जनपद में प्रचलित 845215 राशन कार्डों में सम्मिलित 3488572 लाभार्थियों के सापेक्ष 3323795 लाभार्थियों द्वारा ईकेवाईसी पूर्ण करा लिया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि शेष 164777 लाभार्थियों के ईकेवाईसी को यथाशीघ्र पूर्ण करा लिया जाए। जिलाधिकारी ने जनपद में 27 रिक्त उचित दर दुकानों के सम्बन्ध में समस्त खण्ड विकास अधिकारियों/पूर्ति निरीक्षकों को निर्देशित किया कि नियमानुसार खुली बैठक कराते हुए 15 दिवस में रिक्त उचित दर दुकानों की नियुक्ति पूर्ण कर ली जाये। इसी प्रकार निलम्बित चल रही 9 उचित दर दुकानों पर भी यथाशीघ्र निर्णय लेते हुए अग्रेतर कार्यवाही पूर्ण करा ली जाय।
जिलाधिकारी ने जनपद में निर्माणाधीन माॅडल शाॅप/अन्नपूर्णा भवनों की वित्तीय वर्षवार समीक्षा करते हुये सम्बन्धित खण्ड विकास अधिकारियों/पूर्ति निरीक्षकों को निर्देशित किया कि 24 ग्राम पंचायतें, जहां पर अन्नपूर्णा भवन पूर्ण रूप से निर्मित हो चुके हैं, का नियमानुसार हस्तान्तरण कराते हुए माह सितम्बर का उठान/वितरण कराना सुनिश्चित करें। इसी प्रकार 33 ऐसी ग्राम पंचायतें, जहां पर अन्नपूर्णा भवन के निर्माण का कार्य चल रहा है तथा मात्र फिनिशिंग का कार्य शेष है, उसे एक सप्ताह में पूर्ण कराते हुए हस्तान्तरित किये जाने के निर्देश सम्बन्धित खण्ड विकास अधिकारियों को दिये गये।
जिलाधिकारी ने चीनी के भण्डारण के सम्बन्ध में सम्बन्धित अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे चीनी के भण्डारण एवं मार्केट मूल्यों पर सतत् पर्यवेक्षण करते हुये निरीक्षण/छापेमारी की कार्यवाही निरन्तर रूप से जारी रखेंगे किसी भी दशा में चीनी का मूल्य मानक मूल्य से अधिक न हो। उन्होंने जिला खाद्य विपणन अधिकारी अमित द्विवेदी को निर्देशित किया कि वे सिंगल स्टेज व्यवस्था अन्तर्गत ही उचित दर विक्रेताओं को निर्धारित जियोफेंस पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने हेतु अपने स्तर से समस्त परिवहन ठेकेदारों को निर्देशित करना सुनिश्चत करेंगे। उक्त निर्देशों के अनुपालन को क्रियान्वित कराये जाने के सम्बन्ध में जिलापूर्ति अधिकारी द्वारा आश्वस्त किये जाने के उपरान्त उक्त बैठक को समाप्त किया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (भू/रा0), उपजिलाधिकारीगण, उपायुक्त स्वतः रोजगार, उपायुक्त श्रम रोजगार, जिलापूर्ति अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारीगण, प्रबन्धक एफसीआई/सीडब्ल्यूएस एवं एलपीजी/पेट्रोलियम के एरिया विक्रय प्रबन्धक, इन्जीनियर अडाणी गैस, समस्त क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी/क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक तथा सिंगल स्टेज परिवहन ठेकेदार/प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
.jpg)






