15 दिन में पुनर्स्थापित होगी भगत सिंह की प्रतिमा: एसडीएम
निर्धारित समय पर मांग पूरी न होने पर बड़े आन्दोलन की दी गयी चेतावनी
विनोद कुमार
केराकत, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के सरायबीरू चौराहे पर लगी शहीद भगत सिंह की प्रतिमा को पुनर्स्थापित करने की मांग को लेकर सोमवार को अधिवक्ता अनिल सोनकर गांगुली, पूर्व फौजी सुबाष यादव और संत राम नागर सुबह 10 बजे आमरण अनशन पर बैठ गये। अनशन को तहसील अधिवक्ता संघ ने समर्थन देते हुए न्यायिक कार्य से विरत रहने की घोषणा किया। देर शाम थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद पांडेय मौके पर पहुंचे और अनशन समाप्त करने के लिए समझाया। इसके बाद एसडीएम अखिलेश सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रतिमा बनवाने के लिए जारी आदेश पत्र और बिल अनशनकारियों को दिखाया। एसडीएम ने बताया कि नई प्रतिमा तैयार होने में कम से कम 15 दिन का समय लगेगा। उन्होंने 15 दिन के भीतर प्रतिमा पुनर्स्थापित कराने का आश्वासन दिया। एसडीएम के आश्वासन के बाद अनशनकारियों ने जूस पीकर अनशन समाप्त कर दिया। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में प्रतिमा स्थापित नहीं हुई तो इससे बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान लोगों ने सरायबीरू चौराहे के चौड़ीकरण और खराब हाईमास्ट लाइट की मरम्मत की मांग भी उठाई। एसडीएम ने दोनों मांगों को जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर इंद्रसेन सिंह, आशू उपाध्याय, नितिन सोनकर, नमःनाथ शर्मा, संजय विश्वकर्मा, हंस कुमार सोनकर, आजाद कुरैशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
.jpg)






