जौनपुर। 9 से 17 अगस्त तक आयोजित ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन उत्साह एवं उल्लास के साथ किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य जनपदवासियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है। अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में तिरंगा रैली, जागरूकता कार्यक्रम, विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में विभिन्न प्रतियोगिताएं तथा अन्य देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, विद्यार्थियों, युवाओं एवं आमजन द्वारा बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया जा रहा है।
इसी क्रम में जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने क्षेत्रों में तिरंगा रैलियों का आयोजन कर आमजन को अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। रैलियों में बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ प्रतिभाग कर रहे हैं। विभिन्न स्थानों पर लोगों को अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है। विद्यालयों में रंगोली, चित्रकला, निबंध सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व एवं देश की स्वतंत्रता के गौरवपूर्ण इतिहास के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने जनपदवासियों से अपील किया कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करते हुए अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराएं तथा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें। तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है तथा इसके प्रति सम्मान प्रत्येक नागरिक का गौरव एवं दायित्व है।
.jpg)






