जौनपुर। पीएम पोषण योजना के अन्तर्गत कार्यरत रसोइयों के सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम कलेक्ट्रेट के प्रेक्षागृह में हुआ। लखनऊ स्थित जुपिटर सभागार इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। जनपद कार्यक्रम में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चन्द्र यादव, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मनोरमा मौर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन., मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया सहित अन्य अधिकारीगण एवं रसोइया की उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री जी का उद्बोधन सुना। इसके पहले कार्यक्रम का शुभारम्भ मां सरस्वती जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद उपस्थित अतिथियों का स्वागत पौध एवं पुस्तक भेंट करके किया गया।
कार्यक्रम की थीम “स्वस्थ बच्चे, खिलता बचपन—सही पोषण से प्रदेश रोशन” रही। राज्यमंत्री ने कहा कि पीएम पोषण योजना के अन्तर्गत कार्यरत रसोइया शिक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे विद्यालयों में बच्चों को अपने परिवार के बच्चों की तरह स्नेहपूर्वक एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराते हैं। पौष्टिक भोजन बच्चों के शारीरिक एवं बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है तथा यही बच्चे देश के भविष्य की मजबूत बुनियाद हैं।
इसके अलावा अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मनोरमा मौर्या, जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि शेष सभी रसोइयों का एक माह के भीतर पंजीकरण पूर्ण कर उन्हें कैशलेस चिकित्सा कार्ड उपलब्ध करा दिया जाएगा। उन्होंने राज्यमंत्री को इस आशय का आश्वासन दिया।
इस दौरान राज्यमंत्री सहित अन्य अतिथियों ने जनपद में कार्यरत रसोइयों को प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किया। प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्राप्त करने वाले रसोइयों में संगीता सरोज, कुसुम, छोटे लाल यादव, शैलेन्द्र मौर्या, शान्ती, गुन्जा, पूनम, सुमित्रा, मलावती, मीरा, जय प्रकाश खरवार, कपिलदेव, जयमूर्ति, माधुरी, अनीता देवी आदि शामिल रहीं।
कार्यक्रम में उपस्थित रसोइयों ने सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई चिकित्सा सुरक्षा सुविधा के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। अन्त में बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने उपस्थित राज्यमंत्री, जनप्रतिनिधिगण, अधिकारियों, ज़िला समन्वयक डीसी अरुण मौर्य, कर्मचारियों एवं सभी रसोइयों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
.jpg)






