राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के कुहियां गांव में शनिवार को मिहरावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर से आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। शिविर में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने करीब 80 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। जांच के बाद मरीजों को उनकी बीमारी के अनुसार निशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं।
चिकित्साधिकारी डॉ. अबुल फैज के नेतृत्व में आयोजित शिविर में बुखार, कमजोरी सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी शिकायतों वाले मरीजों की मलेरिया व टाइफाइड की जांच की गई। इसके अलावा जरूरत के अनुसार रक्त की अन्य जांच भी कराई गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर मरीजों को उपचार और दवाएं उपलब्ध कराई गईं शिविर में लैब टेक्नीशियन शैलेश वर्मा, स्टाफ नर्स नीलम गौड़, वार्ड ब्वाय वेद प्रकाश और लैब टेक्नीशियन आकाश नाग ने मरीजों के पंजीकरण, जांच और दवा वितरण में सहयोग किया। स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों को बदलते मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
डॉ. अबुल फैज ने कहा कि बारिश के मौसम में मलेरिया, टाइफाइड समेत संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इससे बचाव के लिए घर सहित आस—पास साफ-सफाई रखने, पानी जमा न होने देने तथा स्वच्छ पेयजल का इस्तेमाल करने की जरूरत है। उन्होंने मच्छरों से बचने के लिए मच्छरदानी का प्रयोग करने की सलाह दिया। साथ ही लगातार बुखार या अन्य परेशानी होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराकर चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उपचार कराने की अपील किया।
.jpg)






