राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के महरौड़ा गांव से शनिवार को करीब डेढ़ सौ शिवभक्त कांवर लेकर बाबा बैजनाथ धाम देवघर के लिए रवाना हुए रवाना होने से पहले गांव में कांवरियों का ग्रामीणों ने स्वागत किया। इस दौरान पूरा माहौल शिवभक्ति से सराबोर नजर आया। कांवर यात्रा पर निकलने से पूर्व सभी श्रद्धालुओं ने गांव स्थित शिव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना किया। इसके बाद डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों के बीच कांवरियों ने गांव का भ्रमण किया। इस दौरान हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा वातावरण गूंजता रहा। महरौड़ा गांव से कांवर लेकर देवघर जाने की परंपरा पिछले 18 वर्षों से चली आ रही है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए ग्रामीण हर वर्ष बाबा बैजनाथ धाम पहुंचकर जलाभिषेक करते हैं। इस बार यात्रा में गांव की महिलाएं भी शामिल हुईं। जत्थे में फूलमन बिंद, राधेश्याम, अच्छे लाल, बाबू राम, रामधारी, पप्पू गौतम, जितेंद्र, दिलीप कुमार समेत करीब 150 कांवरिये शामिल रहे।
.jpg)






