Jaunpur News: निपुण भारत मिशन एवं जिला टास्क फोर्स की बैठक सम्पन्न

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News: निपुण भारत मिशन एवं जिला टास्क फोर्स की बैठक सम्पन्न


शिक्षा की गुणवत्ता एवं छात्र सुरक्षा पर दिया गया विशेष जोर

जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाॅल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में निपुण भारत मिशन एवं जिला टास्क फोर्स (डीटीएफ) की बैठक हुई जहां बेसिक शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।

इस दौरान निपुण भारत मिशन की प्रगति, डीबीटी के माध्यम से विद्यार्थियों को दी जाने वाली रु. 1200 की धनराशि के ब्लॉकवार वितरण, मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता, विद्यालय कायाकल्प के 19 मानकों की पूर्ति, दिव्यांग बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं के सत्यापन तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के निर्माण एवं शैक्षिक सुधार की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बरसात के मौसम को देखते हुए विद्यालय परिसरों में विद्युत खंभों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने शत-प्रतिशत छात्र उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा प्रत्येक माह के चतुर्थ शनिवार को आयोजित होने वाली अभिभावक-शिक्षक बैठक में अधिकारियों की अनिवार्य सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों में भौतिक, नैतिक, सांस्कृतिक, खेलकूद, नवाचार एवं वैज्ञानिक सोच को बढावा देने वाली सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों पर विशेष बल देने को कहा।

मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने तथा कक्षा 5 से 6, 8 से 9, 10 से 11 एवं 12 से उच्च शिक्षा में प्रवेश (ट्रांजिशन रेट) बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही विद्यालय छोड चुके बच्चों की पहचान कर उनके अभिभावकों से संपर्क स्थापित करते हुए आयु-संगत कक्षाओं में पुनः प्रवेश दिलाने के निर्देश भी दिये।

जिलाधिकारी ने महामहिम राज्यपाल की मंशानुरूप आंगनबाड़ी से लेकर डिग्री कॉलेज तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था विकसित करने के लिए समन्वित कार्ययोजना तैयार करने पर बल दिया। साथ ही निजी विद्यालयों की बसों की सुरक्षा व्यवस्था, विद्यार्थियों की सुरक्षा तथा एक्सपोजर विजिट जैसी सुविधाओं को भी प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। अंत में शैक्षिक सत्र 2026-27 में सर्वाधिक नामांकन करने वाले तीन परिषदीय विद्यालयों/कंपोजिट विद्यालय सटवां (मुंगराबादशाहपुर), कंपोजिट विद्यालय चेतरहाँ (सुईथाकला) एवं कंपोजिट विद्यालय राजापुर डडापुर (रामनगर) के प्रधानाध्यापकों को जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने सम्मानित किया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, प्राचार्य जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक एवं एसआरजी सहित जिला टास्क फोर्स के सदस्य उपस्थित रहे।


ads

ads


ads



ads

ads


ads


ads

ads

ads
ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!