वन महोत्सव में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
डाॅ. प्रदीप दूबे
सुइथाकला, जौनपुर। वन महोत्सव के तहत मंगलवार को विकास खण्ड के दुमदुमा ऊंचगांव स्थित एसवीडी गुरुकुल महाविद्यालय, विधि महाविद्यालय एवं डीआरसी गुरुकुल पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं वन विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्रबंधक एवं सुइथाकला के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. उमेश चन्द्र तिवारी ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। स्वच्छ वातावरण और भावी पीढ़ी के सुरक्षित भविष्य के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल भी आवश्यक है। वन क्षेत्राधिकारी शोभनाथ यादव ने भी लोगों से पर्यावरण संतुलन बनाये रखने के लिए वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।इस दौरान मौलश्री, कंजी, अमरूद और छितवन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में ऊंचगांव के प्रधान प्रतिनिधि डॉ. राकेश चंद्र तिवारी, वन दरोगा विजय शंकर सिंह, तेज बहादुर सिंह, हरिश्चंद्र सरोज, प्राचार्य अभिषेक उपाध्याय, डॉ. नीरज मिश्रा, मो. एहतेशाम, अरुण पांडे, रमापति दुबे, संजय पांडे, उदय सिंह सहित शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में सभी ने पौधों के संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिये जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
.jpg)










