राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र में दावत-ए-इस्लामी इंडिया के सामाजिक सेवा संगठन गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन (जीएनआरएफ) ने बुधवार को पौधरोपण अभियान चलाया। यह अभियान खेतासराय थाना परिसर और अबू शहीद बाबा प्रांगण में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और हरित अभियान को बढ़ावा देना था। अभियान के तहत नीम, अनार और अमरूद सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। जीएनआरएफ के सदस्यों ने इन पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया और आम जनता से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। फाउंडेशन के सदस्य हाफिज मोहसिन रजा ने बताया कि पेड़ों की लगातार कटाई हो रही है, जबकि उस अनुपात में नए पौधे नहीं लगाए जा रहे हैं। इसी कारण हर वर्ष गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था हर साल की तरह इस वर्ष भी अबू शहीद बाबा प्रांगण और थाना परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रही है। मोहसिन रजा ने जानकारी दी कि संस्था के 'पौधा लगाना है' अभियान के तहत पोस्ट ऑफिस, कब्रिस्तान, विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लाखों पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। संस्था का मुख्य उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनका संरक्षण कर उन्हें पूर्ण विकसित पेड़ बनाना है, ताकि भविष्य की पीढ़ियों को स्वच्छ और हरा-भरा वातावरण मिल सके। इस पौधरोपण कार्यक्रम में थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह, उपनिरीक्षक तारिक अंसारी, हाफिज मोहसिन रजा, मोहम्मद हाशिम, मोहम्मद यूसुफ और मोहम्मद शाह आलम आदि उपस्थित रहे।
.jpg)










