राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने निर्माणाधीन एनएच-135, पैकेज-2, जौनपुर–शाहगंज सेक्शन का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की प्रगति, भूमि अधिग्रहण, किसानों को भुगतान तथा विभिन्न विभागीय स्वीकृतियों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि परियोजना के सभी कार्यों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं मानक के अनुसार पूर्ण कराया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र इसका लाभ मिल सके। जिलाधिकारी ने कहा कि यह सड़क वाराणसी से अयोध्या को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मार्ग है जिससे इसकी उपयोगिता और महत्ता और अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए, ताकि यह परियोजना जनहित में शीघ्र पूर्ण हो सके। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट ने अवगत कराया कि जमीन अधिग्रहण में 261 करोड़ के सापेक्ष 236 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है।
इस अवसर पर प्रोजेक्ट डायरेक्टर तथा कार्यदायी संस्था के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
.jpg)










