विनोद पाल
नौपेड़वा, जौनपुर। बक्शा कृषि विज्ञान केन्द्र पर बकरी पालन तकनीकी विषय पर आयोजित 5 दिवसीय रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न हो गया। प्रशिक्षण में जनपद के 25 कृषकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करके बकरी पालन से संबंधित आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक एवं वैज्ञानिक ज्ञान प्राप्त किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं संचालन वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. सुरेश कनौजिया के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में हुआ। इस दौरान कृषकों को बकरी पालन से संबंधित विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गयी जिससे वे स्वरोजगार एवं आय वृद्धि की दिशा में लाभान्वित हो सकें। प्रशिक्षण समन्वयक हरिओम वर्मा ने बकरियों के आहार प्रबंधन, प्रमुख रोगों एवं उनके निदान पर विस्तृत जानकारी प्रदान किया। वहीं डॉ. रुपेश सिंह ने बकरियों के आवास प्रबंधन पर विस्तार से चर्चा किया।
डॉ. सुरेन्द्र प्रताप सोनकर ने बकरियों के प्रजनन एवं वैज्ञानिक रख—रखाव के महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला। इसी क्रम में डा. राकेश सिंह ने बकरियों के टीकाकरण एवं रोगों की रोकथाम विषय पर विस्तृत व्याख्यान दिया। साथ ही डा. राजीव सिंह ने बकरियों के लिये वर्ष भर हरे चारे की उपलब्धता एवं चारा प्रबंधन के वैज्ञानिक उपायों की जानकारी दिया। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर प्रतिभागी कृषकों का मूल्यांकन करते हुये उन्हें प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान का प्रभावी ढंग से उपयोग कर बकरी पालन को लाभकारी व्यवसाय के रूप में अपनाने के लिये प्रेरित किया। अन्त में सभी प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यन्त उपयोगी एवं रोजगारपरक बताते हुये कृषि विज्ञान केन्द्र बक्शा के प्रति आभार व्यक्त किया।
.jpg)









