विद्युत विभाग की कार्यशैली पर भड़के जनप्रतिनिधि, जल संरक्षण की दिलायी गयी शपथ
डाॅ. प्रदीप दूबे
सुइथाकला, जौनपुर। स्थानीय विकास खंड परिसर स्थित सभागार में ब्लॉक प्रमुख विद्या देवी की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की समीक्षा बैठक हुई जहां क्षेत्र के विकास कार्यों, विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति तथा आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। सदन ने सर्वसम्मति से विकास कार्यों के लिए 5.10 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान किया। साथ ही मनरेगा लेबर बजट का भी अनुमोदन किया गया।बैठक में ब्लॉक प्रमुख ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों की विकास कार्यों में सहभागिता की सराहना करते हुए उनका आभार जताया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने सरकार की योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत किया। एडीओ कृषि शिवम गुप्ता ने खरीफ फसली ऋण, बीज एवं खाद वितरण सहित कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी दी।
समीक्षा के दौरान बाल विकास, पेयजल, प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा, वृद्धावस्था, निराश्रित महिला एवं दिव्यांग पेंशन, पशुपालन, स्वास्थ्य विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा पंचम एवं पंद्रहवें वित्त आयोग की वर्ष 2026-27 की कार्ययोजनाओं पर चर्चा हुई। बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों ने विद्युत विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए बिजली संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान सदन में जनाक्रोश भी देखने को मिला। खंड विकास अधिकारी जितेंद्र सिंह ने सभी उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई और अधिकारियों-कर्मचारियों को शासन की मंशा के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन भी दिया।
बैठक को ग्राम प्रधान विजय सिंह ने भी संबोधित किया। संचालन एडीओ पंचायत जय प्रकाश मौर्य ने किया। अंत में प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. उमेश चंद्र तिवारी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विक्रांत गुप्ता, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. चंद्रभान, अरविन्द कुमार, एडीओ एसटी राकेश सिंह, जेई एमआई अनिल सिंह, ग्राम प्रधान प्रवीण सिंह, अनिल दूबे, पंचम बिन्द, क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज सिंह, शारदा सिंह, प्रशांत पाण्डेय सहित अन्य ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और कर्मचारी उपस्थित रहे।
.jpg)









