बिपिन सैनी
चौकियां धाम, जौनपुर। मां शीतला चौकिया स्थित नवीन सब्जी मंडी में शुक्रवार को दोपहर 'स' श्रेणी की 50 दुकानों के निर्माण कार्य के लिए वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भूमि पूजन किया गया। भूमि पूजन राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद, वाराणसी के उपनिदेशक (निर्माण) एसके वर्मा द्वारा नारियल फोड़कर किया गया। भूमि पूजन की प्रक्रिया संपन्न होने के तत्काल बाद मौके पर जेसीबी मशीन लगाकर धरातल पर निर्माण कार्य की शुरुआत करा दी गई।
इस मौके पर उपनिदेशक एसके वर्मा ने बताया कि इन 50 'स' श्रेणी की दुकानों का निर्माण कराने वाली कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय सीमा के भीतर और पूरी गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
वहीं जौनपुर मंडी के सचिव ध्रुव चौधरी ने बताया कि इन दुकानों का निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद नियमानुसार पारदर्शी तरीके से नीलामी प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। नीलामी संपन्न होने के बाद स्थानीय व्यापारियों को दुकानों का आवंटन कर दिया जाएगा जिससे उन्हें सुगम तरीके से अपना व्यवसाय संचालित करने में बड़ी मदद मिलेगी।
इस अवसर पर जौनपुर मंडी सचिव ध्रुव चौधरी, संबंधित फर्म के ठेकेदार अंकुर सिंह, अनुज सिंह, मुकेश सिंह सहित मंडी परिषद के अन्य अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय व्यापारी मौजूद रहे।
.jpg)









