4 दिन से अंधेरे में पुलिसकर्मी, सरकारी कामकाज पर पड़ा असर
अनुपम मौर्य
बरसठी, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र परिसर में स्थापित थाना आपूर्ति का ट्रांसफार्मर पिछले तीन दिनों में 3 बार फूंक गया। नतीजतन उपकेंद्र से सटा हुआ बरसठी थाना पिछले चार दिनों से अंधेरे में है और बिजली के अभाव में पुलिस का नियमित सरकारी कामकाज प्रभावित हो रहा है।
गौरतलब है कि जिस ट्रांसफार्मर से बरसठी थाना परिसर को बिजली आपूर्ति होती है, वह 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र बरसठी के परिसर में ही स्थापित है। इसके बावजूद ट्रांसफार्मर बार-बार खराब हो जा रहा है। उपकेंद्र और थाना आमने-सामने होने के बावजूद 4 दिनों तक बिजली आपूर्ति बहाल न हो पाना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
बिजली गुल रहने से थाना परिसर में कंप्यूटर आधारित कार्य, ऑनलाइन रिपोर्टिंग, इंटरनेट सेवाएं, दस्तावेजों की प्रिंटिंग सहित अन्य प्रशासनिक कार्य प्रभावित हैं। उमस भरी गर्मी में पुलिसकर्मियों को बिना पंखों और पर्याप्त बिजली व्यवस्था के ड्यूटी करनी पड़ रही है जिससे कार्य निष्पादन पर भी असर पड़ रहा है।
इस संबंध में विद्युत विभाग के अवर अभियंता नरेंद्र कुमार ने बताया कि बरसठी थाने के लिए 25 केवी क्षमता का नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया जा रहा है। जिसे कल तक स्थापित कर बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। लगातार ट्रांसफार्मर फूंकने और 4 दिनों तक थाना परिसर में बिजली आपूर्ति बहाल न होने से स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है। लोगों ने विद्युत विभाग से ट्रांसफार्मर बदलने के साथ बार-बार होने वाली खराबी के मूल कारणों की जांच कर स्थायी समाधान करने की मांग किया है।
.jpg)










