150 बच्चों को पिलायी गयी पोलियो की खुराक
इं. आर.के. जायसवाल
गुरुग्राम। भारत सरकार के राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत रविवार को सेक्टर-69 स्थित ट्यूलिप येलो एवं ट्यूलिप वायलेट क्लब में 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए पल्स पोलियो टीकाकरण शिविर का आयोजन हुआ। इस दौरान ट्यूलिप येलो एवं ट्यूलिप वायलेट सोसायटी के लगभग 150 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई।
प्रशिक्षित पोलियो वैक्सीनेटर रेखा यादव ने बताया कि दोनों सोसायटियों के अभिभावकों ने अत्यंत जागरूकता का परिचय देते हुए बड़ी संख्या में अपने बच्चों को निर्धारित समय पर टीकाकरण शिविर में लाकर अभियान को सफल बनाया। उन्होंने अल्प सूचना के बावजूद बड़ी संख्या में उपस्थित होने के लिए सभी अभिभावकों एवं आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य अनील अरोड़ा, राहुल गोयल एवं समाजसेवी इं. आर.के. जायसवाल ने संयुक्त रूप से कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़े ऐसे जनहितकारी अभियान भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे। समाज के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही पोलियो मुक्त एवं स्वस्थ भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है। आयोजकों ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले स्वास्थ्य विभाग की टीम, प्रशिक्षित पोलियो वैक्सीनेटर तथा सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।
.jpg)










