विवाह टूटने पर रूपये लौटाने से किया इनकार
सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के लौंदा गांव निवासी एक पिता ने पुत्री का विवाह टूटने के बाद न्याय के लिए सरपतहां थाने में गुहार लगाई है। आरोप है कि वर पक्ष ने अपनी आर्थिक स्थिति और संपत्तियों के बारे में भ्रामक जानकारी देकर रिश्ता तय कराया तथा जेवर खरीदने के नाम पर दो लाख रुपये लेने के बाद विवाह निरस्त होने पर धनराशि लौटाने से इनकार कर दिया।
जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी विनोद सिंह ने अपनी पुत्री का विवाह प्रतापगढ़ जनपद के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत घाटमपुर निवासी युवक के साथ तय किया था। बीते 5 फरवरी को बसौली धाम में दोनों पक्षों की मौजूदगी में धूमधाम से सगाई भी संपन्न हुई थी।पीड़ित के अनुसार वर पक्ष ने मुंबई में फ्लैट सहित करोड़ों रुपये की संपत्ति होने का दावा किया था। विवाह की तिथि 7 मई निर्धारित होने के बाद वर पक्ष ने जेवर मुंबई से खरीदने की बात कहकर 2 लाख रुपये नकद ले लिए। इसी बीच लड़की पक्ष को जानकारी मिली कि वर पक्ष द्वारा बताई गई संपत्तियां और आर्थिक स्थिति वास्तविकता से मेल नहीं खाती हैं।
आरोप है कि मुंबई में उनके पास फ्लैट नहीं है और पूरा परिवार एक कमरे में निवास करता है। अन्य परिसंपत्तियों के संबंध में भी गलत जानकारी दिए जाने की बात सामने आई। इस जानकारी के बाद लड़की पक्ष ने विवाह करने से इंकार कर दिया। विवाह निरस्त होने के बाद पिता ने जेवर खरीदने के लिए दिए गए दो लाख रुपये वापस मांगे। आरोप है कि पहले वर पक्ष धनराशि लौटाने के लिए तैयार हो गया लेकिन बाद में अपने वादे से मुकर गया।
पीड़ित ने मामले में मध्यस्थ और वर पक्ष के खिलाफ सरपतहां थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। रिश्ते की मध्यस्थता कराने वाले व्यक्ति को बुलाकर दोनों पक्षों से बातचीत की गई है। वर पक्ष ने धनराशि वापस करने के लिए कुछ समय मांगा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
.jpg)








