डा. प्रदीप दूबे
सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के सुइथाकला-जूड़ापुर गांव में सरकारी भूमि की पैमाइश के दौरान लेखपाल से मारपीट और सरकारी अभिलेख फाड़ने का मामला सामने आया है। पुलिस ने लेखपाल की तहरीर पर दो आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लेखपाल कर्ण कुमार यादव ने तहरीर में बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर नवीन परती खाते की आराजी संख्या 2752 एवं 2754 की पैमाइश के लिए वह राजस्व टीम के साथ शनिवार को मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव निवासी इन्द्रप्रताप और विवेक सिंह ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पैमाइश संबंधी अभिलेख फाड़ दिए। विरोध करने पर दोनों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दिए जाने के बाद पुलिस बल और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई। पीड़ित लेखपाल ने दोनों आरोपितों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग किया। थानाध्यक्ष यजुवेन्द्र सिंह ने बताया कि लेखपाल की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपितों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
.jpg)









