20 दिन से अन्धेरे में रह रहे उपभोक्ताओं को मिली राहत
कर्मचारियों ने युद्ध स्तर पर कार्य कर शुरू करायी सप्लाई
विरेन्द्र यादव
सरायख्वाजा, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के कयार गांव के पास जमुहाई रोड पर लगभग 20 दिन पहले आए तेज आंधी-तूफान के कारण बिजली का पोल टूटकर गिर गया था। इसके साथ ही विद्युत लाइन के कई तार भी क्षतिग्रस्त हो गए थे। इस कारण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई थी। आस—पास के गांवों तथा बाजार के लोगों को लंबे समय तक भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी और उमस के बीच उपभोक्ता लगातार बिजली संकट झेल रहे थे लेकिन कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था।
क्षेत्रीय लोगों का कहना था कि आंधी के तुरंत बाद बिजली विभाग को इसकी सूचना दे दी गई थी। विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया लेकिन 20 दिन बीत जाने के बाद भी न तो नया पोल लगाया गया और न ही विद्युत आपूर्ति सुचारु की जा सकी। बिजली न रहने से घरेलू कार्यों के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही थीं। विद्यार्थियों की पढ़ाई, पेयजल व्यवस्था तथा छोटे कारोबारियों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
लगातार बनी इस समस्या को 26 जून को दैनिक तेजस टूडे ने प्रमुखता से प्रकाशित किया। खबर प्रकाशित होने के बाद बिजली विभाग हरकत में आया और विभागीय कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर युद्ध स्तर पर कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त पोल और तारों को दुरुस्त करने का कार्य तेजी से किया गया तथा आवश्यक मरम्मत पूरी कर 24 घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई बिजली सप्लाई शुरू होते ही क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस लिया।
.jpg)











