Jaunpur News: 12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर शाही किले में हुआ भव्य कार्यक्रम

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News: 12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर शाही किले में हुआ भव्य कार्यक्रम






स्वस्थ राष्ट्र निर्माण के लिये योग को बनायें जीवन का हिस्सा: गिरीश चन्द्र

शाही किले में मनाया गया अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस, योगमय हुआ जौनपुर

जौनपुर। 12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मुख्य कार्यक्रम शाही किला में आयोजित हुआ जहां सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम हुआ जिसके मुख्य अतिथि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग गिरीश चन्द्र यादव रहे। इस वर्ष योग दिवस की थीम रही योग फॉर हेल्थी एजिंग (स्वस्थ आयु के लिये योग)। राज्यमंत्री ने योग की महत्ता पर प्रकाश डालते हुये कहा कि योग एक व्यायाम, नहीं अपितु हमारी सनातनी पद्धति है जो हमारे स्वस्थ जीवन, आत्मानुशासन का आधार है। वर्तमान थीम स्वस्थ आयु के लिये योग विषय के संबंध में कहा कि इसका अर्थ यह है कि योग को हमें अपने दिनचर्या में सम्मिलित कर स्वयं स्वस्थ रहना होगा। जिले के सभी विकास खंडों तथा भारतीय जनता पार्टी के मंडल स्तर तक योगाभ्यास कार्यक्रम किये गये। इस दौरान प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के योग दिवस पर कार्यक्रम के सजीव प्रसारण को भी देखा गया।



उपस्थित सभी को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास पतंजलि योग समिति उत्तर प्रदेश के सह राज्य प्रभारी अचल हरिमूर्ति ने कराया। उनके साथ मुख्य मंच पर योग प्रशिक्षक विकास यादव और जगदीश यादव रहे। योग गुरू ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। योगाभ्यास की शुरुआत हल्के वार्मअप और सूक्ष्म व्यायाम से हुई जिसके बाद उपस्थित लोगों ने ताड़ासन, वृक्षासन, वज्रासन, भुजंगासन, शलभासन, शीर्षासन, सूर्य नमस्कार सहित कई महत्वपूर्ण योगासन किए। साथ ही अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी सहित विभिन्न प्राणायाम भी कराये गये। दूसरे सहयोगी मंच पर योग प्रशिक्षक क्षमा सिंह, वंदना साहू, सुप्रिया सिंह समेत अन्य योग प्रशिक्षकों ने मंच के सामने उपस्थित लोगों का अभ्यास कराया।

समापन पर योग गुरु अचल हरिमूर्ति ने सभी को नियमित योग करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और दूसरों को भी योग के प्रति प्रेरित करने की शपथ दिलाई। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कमल ने सफल कार्यक्रम के लिये पूरी टीम और विशेष रूप से अचल हरिमूर्ति का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एमएलसी बृजेश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष जौनपुर अजीत प्रजापति, जिलाध्यक्ष मछलीशहर डा. अजय सिंह, पूर्व गृह राज्यमंत्री महाराष्ट्र सरकार कृपाशंकर सिंह, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्रनन्दन सिंह, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर, प्रदीप पांडेय, मनोज सिंह, नन्द लाल, निलेश, राजन सिंह, धर्मेन्द्र कुमार, सोनू यादव, वीरेन्द्र यादव सहित जनपद के समस्त विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, योग शिक्षक आदि उपस्थित रहे।

समापन पर मुख्य अतिथि ने योग प्रशिक्षकों को पौधा, अंगवस्त्रम से सम्मानित करते हुये पुरस्कार राशि से पुरस्कृत किया। सम्मानित होने वाले योग प्रशिक्षकों में योग गुरु अचल हरिमूर्ति, जगदीश यादव, विकास यादव, क्षमा सिंह, सुप्रिया सिंह, वंदना साहू, अमित सिंह, शशिभूषण यादव समेत आदि प्रमुख रहे। बता दें कि कार्यक्रम स्थल पर आकर्षक सेल्फी प्वाइंट बनाया गया था जहां जनप्रतिनिधिगण, अधिकारियों एवं प्रतिभागियों ने सेल्फी लेकर योग के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया। इसके अतिरिक्त पर्यावरण संरक्षण एवं हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आमजन को पौधों का वितरण भी किया गया। उल्लेखनीय है कि योग सप्ताह के अन्तर्गत 15 से 20 जून तक जनपद स्तर, तहसील, विकास खण्ड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रमों में लगभग 6,71,370 प्रतिभागियों ने सहभागिता किया। इसमें जनपद स्तर पर करीब 20,122, तहसील स्तर पर 53,330, विकास खंड स्तर पर 95,608 तथा ग्राम पंचायत स्तर पर 5,02,310 प्रतिभागियों ने योगाभ्यास किया। यह जनपदवासियों में योग के प्रति बढ़ती जागरूकता एवं जनसहभागिता का प्रतीक है। कार्यक्रम का संचालन प्रीति और नूपुर श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया।


शाही किले में योगिनी क्षमा सिंह ने कराया योगाभ्यास

वन्दना साहू ने दिया साथ, दोनों प्रशिक्षक किये गये सम्मानित

अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार की सुबह शाही किले में भव्य योग कार्यक्रम हुआ। ऐतिहासिक धरोहर के बीच आयोजित कार्यक्रम में हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास करते हुये स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। सुबह से ही शाही किला परिसर योगमय वातावरण में सराबोर नजर आया जहां विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।



कार्यक्रम में सहयोगी मंच पर योग गुरु अचल हरिमूर्ति के नेतृत्व में योग प्रशिक्षक क्षमा सिंह और वंदना साहू ने प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराया। उन्होंने भारत सरकार द्वारा निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार सभी प्रतिभागियों को क्रमबद्ध तरीके से योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। योग सत्र की शुरुआत सूक्ष्म व्यायाम और शरीर को सक्रिय करने वाले अभ्यासों से हुई। इसके बाद ताड़ासन, वृक्षासन, वज्रासन, भुजंगासन, शलभासन, मकरासन, पवनमुक्तासन और सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योगासन कराये गये।

प्राणायाम सत्र में प्रतिभागियों ने अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी, शीतली सहित अन्य श्वास संबंधी अभ्यास किए। प्रशिक्षकों ने प्रत्येक आसन और प्राणायाम की सही विधि समझाते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन संतुलित रहता है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक विकास का भी प्रभावी माध्यम है। समापन अवसर पर नगर पालिका की चेयरमैन मनोरमा मौर्य ने योगिनी क्षमा सिंह एवं वन्दना साहू को अंगवस्त्रम‍ देकर सम्मानित किया।


ads


ads

ads 


ads

ads

ads

ads

ads

ads

ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!